ग्रेटर नोएडा वेस्ट में यथार्थ हॉस्पिटल की लिफ्ट में फंसे 16 लोग, बड़ा हादसा टला

नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-1 स्थित यथार्थ हॉस्पिटल में शनिवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
अस्पताल की लिफ्ट अचानक चौथी मंजिल पर फंस गई, जिसमें करीब 16 लोग लगभग आधे घंटे तक फंसे रहे। इस घटना से अस्पताल में हड़कंप मच गया और मरीजों व परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
लिफ्ट में फंसे लोगों में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल थे, जिन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लिफ्ट में आम आदमी पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना भी मौजूद थे। उन्होंने घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।
सूचना मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन और टेक्नीशियन की टीम ने कड़ी मशक्कत कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में स्थित इस अस्पताल की लिफ्ट खराबी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई मॉल्स और सोसाइटीज में लिफ्ट खराब होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रशासन को अब लिफ्ट सुरक्षा नियमों की सख्ती से निगरानी करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।




