ग्रेटर नोएडानोएडा

भाजपा प्रत्याशी महेश शर्मा का सबसे बड़ा इंटरव्यू : गौतमबुद्ध नगर के 26 लाख मतदाताओं को मिलेगा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का फ़ायदा : सांसद महेश शर्मा

 पार्टी ने आप पर एक बार फिर भरोसा जताया है इसे आप कैसे देखते हैं?
– मैं भारतीय जनता पार्टी का सिपाही हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतत्त्व में मुझे गौतमबुद्ध नगर में काम करने का मौका मिला है। पार्टी ने जिस तरह से भरोसा जताया है, मेरी कोशिश रहेगी कि वह आगे भी कायम रहे। गौतमबुद्ध नगर के 26 लाख मतदाताओं को केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं और विकास कार्यों का फायदा मिले, यही मेरा लक्ष्य है।

क्या उपलब्धियां रही, जिसके कारण पार्टी का लगातार आप पर विश्वास बना हुआ है। 5 वर्षों में आपके द्वारा किए गए सबसे महत्वपूर्ण कार्य कौन-कौन से हैं?
– पार्टी जिस तरह की ज़िम्मेदारी हम जैसे कार्यकर्ता को देती है। हम उसका निर्वहन करते हैं। भाजपा की डबल इंजन की सरकार में गौतमबुद्ध नगर में 115 हज़ार करोड़ की लागत से कई विकास कार्य पूर्ण हुए हैं। प्रधानमंत्री का ड्रीम प्रॉजेक्ट जेवर एयरपोर्ट इसी साल जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। 30 हज़ार करोड़ की लागत से एयरपोर्ट बनकर तैयार हो रहा है। खुर्जा में 11 हज़ार करोड़ से 1320 मेगावाट क्षमता वाला टीएचडीसी पावर प्लांट बनकर लगभग तैयार है। 11 हज़ार करोड़ से प्रमुख राजमार्ग ईस्टर्न पेरिफरल बना। 8 हज़ार करोड़ की लागत वाले मेरठ एक्सप्रेसवे और गाजियाबाद, अलीगढ़ एक्सप्रेसवे से दादरी, सिकंदराबाद और खुर्जा की मुख्य सड़कों को जोड़ा जाएगा। इसके अलावा DND से सेक्टर 15 ए के सामने जाम से मुक्ति दिलाने को 800 करोड़ से चिल्ला रेगुलेटर एलिवेटेड रोड का निर्माण हुआ है। ग्रेटर नोएडा में 289 करोड़ से पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुरातत्व संस्थान की स्थापना की गई। 98 करोड़ से नोएडा के सेक्टर 62 में देश का पहला पाक कला संस्थान स्थापित किया गया। 80 करोड़ से पर्थला सेतु का निर्माण किया गया। इसके अलावा नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो का काम मुख्य काम है।

जो आप काम करना चाहते थे या अधूरे रह गए, उनके लिए क्या रोड मैप है?
– नोएडा के विकास में यहां के ग्रामीणों की मुख्य भूमिका रही है। किसानों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री की बनाई गई कमिटी चुनाव के बाद अपनी रिपोर्ट सरकार को देगी। सरकार को रिपोर्ट मिलने के बाद इस समस्या का भी समाधान हो जाएगा।

नोएडा में लाखों फ्लैट बायर्स की समस्या काफी जटिल है। जनता के प्रतिनिधि होने के चलते आप किन-किन सुझावों से सरकार को भी अवगत कराएंगे ताकि लोगों का फायदा हो।
– फ्लैट बायर्स की समस्याओं का निदान हो चुका है। जिन फ्लैटों की रजिस्ट्री नहीं हो रही थी। नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कैंप लगाकर रजिस्ट्री करवा रहे हैं और इसके बाद भी जो बिल्डर पैसे नहीं जमा कर रहे हैं। उनसे हमारे अधिकारी लगातार संपर्क में हैं। उनकी रजिस्ट्री भी जल्द पैसे जमा होने के बाद शुरू कर दी जाएंगी।

एक तरफ नोएडा जैसा हाईटेक शहर है। दूसरी ओर ग्रामीण इलाके भी हैं। ग्रामीण इलाकों के लिए ऐसा क्या किया गया है, जो वह आपको वोट दें।
– ग्रामीणों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सशक्त बनाया गया है। नोएडा में ग्रामीण जॉब करने वाले नहीं जॉब देने वाले बने हैं। ग्रामीणों पर हमें गर्व है। प्रधानमंत्री मोदी जी की चलाई जा रही योजनाएं हमारे सभी ग्रामीण भाइयों तक पहुंच रही हैं।

लिफ्ट एक्ट लागू कर दिया गया है, लेकिन हादसे कम नहीं हुए। इसके लिए जिम्मेदार को सजा मिलना जरूरी है, जो नहीं हो रहा है। आप सरकार से इसके लिए क्या मांग करेंगे।
– पहले की सरकारों ने निरंकुश बिल्डर को ठीक करने के लिए कोई काम नहीं किया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बिल्डरों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जहां हादसे हुए हैं, वहां पुलिस ने सख्त से सख्त कार्रवाई की है और कार्रवाई आगे भी होती रहेगी।

इंडी गठबंधन के प्रत्याशी को कितनी बड़ी चुनौती मानते हैं।
– देश और गौतमबुद्ध नगर की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी महाशक्ति देखने के सपने को पूरा करना चाहती है। जनता भी जानती है कि देश की कमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में सुरक्षित है। इंडी गठबंधन का कोई भी प्रत्याशी प्रधानमंत्री जी के लिए कोई चुनौती नहीं है।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close