के.पी. हेल्थकेयर सेंटर में MRI जांच के दौरान 6 साल के मासूम की मौत, प्रमहेक्स अस्पताल में मृत घोषित, गलत इंजेक्शन और हेवी डोज का आरोप

ग्रेटर नोएडा – उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां MRI जांच के दौरान तबीयत बिगड़ने से छह वर्षीय मासूम गर्व कसाना उर्फ चीकू की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जांच से पहले बच्चे को गलत इंजेक्शन दिया गया और MRI के दौरान उसे भारी मात्रा में दवा दी गई।
जानकारी के मुताबिक, दनकौर थाना क्षेत्र के रीलखा निवासी प्रशांत कसाना अपने बेटे की MRI कराने के.पी. हेल्थकेयर सेंटर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन दिए जाने के कुछ समय बाद ही बच्चे की हालत बिगड़ने लगी और जांच के दौरान वह बेहोश हो गया। जब परिवार ने बच्चे की स्थिति और रिपोर्ट के बारे में जानकारी मांगी, तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
बताया गया कि हालत में सुधार न होने पर बच्चे को आनन-फानन में पास के प्रमहेक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मामले की जानकारी मिलते ही गांव के लोग और भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और अस्पताल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने हेल्थकेयर सेंटर पर ताला लगाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




