×
Uncategorizedउत्तर प्रदेशगौतम बुद्ध नगरग्रेटर नोएडानोएडानोएडा वेस्टराज्य

ऑपरेशन सिंदूर के बाद बड़ा खुलासा: जासूसी के आरोप में 8 लोग गिरफ्तार, ब्लॉगर से बिजनेसमैन तक शामिल

नोएडा : नोएडा ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद, जब पूरा देश भारतीय सेना पर गर्व कर रहा था, तभी एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। पुलिस ने तीन राज्यों से 8 लोगों को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया।

ये लोग पाकिस्तान को खुफिया जानकारी बेच रहे थे और इसके बदले पैसे कमा रहे थे। इस जासूसी रैकेट में ब्लॉगर, छात्र, सिक्योरिटी गार्ड और बिजनेसमैन शामिल हैं।

हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तारियां

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 4 हरियाणा, 3 पंजाब और 1 उत्तर प्रदेश से हैं। यह सिलसिला कई सालों से चल रहा था। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI इन लोगों से भारतीय सेना और अन्य संवेदनशील जानकारियां जुटा रही थी।

ट्रैवल व्लॉगर ज्योति मल्होत्रा

गिरफ्तार आरोपियों में मशहूर ट्रैवल व्लॉगर ज्योति मल्होत्रा का नाम भी शामिल है। हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार ज्योति ‘Travel with JO’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाती हैं।

उन पर आरोप है कि उन्होंने भारतीय सेना से जुड़ी जानकारी पाकिस्तान को दी। हिसार के एसपी शशांक कुमार के अनुसार, दुश्मन देश सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को निशाना बना रहे हैं, और ज्योति को पाकिस्तान हाई कमीशन से पैसे मिलते थे।

देवेंद्र सिंह ढिल्लों: कॉलेज स्टूडेंट

पटियाला के खालसा कॉलेज में पढ़ने वाले देवेंद्र सिंह ढिल्लों को हरियाणा के कैथल से गिरफ्तार किया गया। 25 वर्षीय देवेंद्र सोशल मीडिया पर पिस्तौल और बंदूक के साथ तस्वीरें पोस्ट करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि वह पटियाला सैन्य अड्डे की जानकारी ISI को दे चुका था।

सिक्योरिटी गार्ड नोमान इलाही

हरियाणा के पानीपत से गिरफ्तार नोमान इलाही सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता था। वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और ISI के संपर्क में था। नोमान को भारत की खुफिया जानकारी देने के बदले पाकिस्तान से पैसे मिलते थे।

अरमान: खुफिया जानकारी भेजने का आरोप

हरियाणा के नूंह से 23 वर्षीय अरमान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि भारत-पाक तनाव के दौरान अरमान ने पाकिस्तान को खुफिया जानकारी भेजी। पुलिस के पास इसके पुख्ता सबूत भी मौजूद हैं।

बिजनेसमैन शहजाद

उत्तर प्रदेश के रामपुर के रहने वाले शहजाद को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया गया। शहजाद मसालों, कपड़ों और कॉस्मेटिक की अवैध तस्करी में भी शामिल था। उसने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी ISI को दी थी।

मोबाइल ऐप के जरिए जासूसी: मोहम्मद मुर्तजा अली

गुजरात पुलिस ने जालंधर से मोहम्मद मुर्तजा अली को गिरफ्तार किया। मोहम्मद ने एक मोबाइल ऐप विकसित किया था, जिसके जरिए वह पाकिस्तान को खुफिया जानकारी भेजता था। पुलिस ने उसके पास से 4 मोबाइल और 3 सिम कार्ड बरामद किए हैं।

अन्य आरोपी: गजाला और यामिन मोहम्मद

पंजाब से गजाला और यामिन मोहम्मद को गिरफ्तार किया गया है। इन पर भी ISI के लिए जासूसी करने का आरोप है। जांच एजेंसियों का कहना है कि ये लोग भी पाकिस्तान के संपर्क में थे।

सोशल मीडिया के जरिए खुफिया जानकारी का दुरुपयोग

जांच एजेंसियों का मानना है कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स का उपयोग कर दुश्मन देश भारतीय नागरिकों को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं। इन आरोपियों ने पैसों के लालच में देश की सुरक्षा को खतरे में डाला। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इनके संपर्क में और कितने लोग हैं।

Divya Gupta

Tags

Related Articles

Back to top button
Close