Noida: 130 मीटर रोड पर तिलपता आरओबी वाहनों के लिए खुला, नोएडा एयरपोर्ट तक जाना होगा आसान
इस आरओबी के नीचे से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की रेलवे लाइन गुजर रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण आरओबी का कार्य जल्द पूरा करने के लिए डीएफसीसीआईएल पर लगातार दबाव बना रहा था।

ग्रेटर नोएडा के 130 मीटर रोड से सफर करने वाले नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेनो वेस्ट और गाजियबाद के यात्रियों को बड़ी राहत मिल गई है। तिलपता गोलचक्कर से मकौड़ा गोलचक्कर तक पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्टे के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज मंगलवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। इसकी लंबाई लगभग 1600 मीटर है और चार लेन का बना है। इसे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कार्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) ने बनवाया है।
इस आरओबी के नीचे से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की रेलवे लाइन गुजर रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण आरओबी का कार्य जल्द पूरा करने के लिए डीएफसीसीआईएल पर लगातार दबाव बना रहा था। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार इस ओवरब्रिज को जल्द बनाने के लिए बहुत प्रयासरत थे। दरअसल, 130 मीटर रोड पर वाहनों का अत्यधिक दबाव होने के कारण अंडरपास में कई बार ट्रैफिक जाम भी लग जाता था। बारिश में दिक्कत बढ़ जाती थी। रेलवे ओवरब्रिज बनने से इस समस्या से अब निजात मिल गई है। ग्रेटर नोएडा से ग्रेनो वेस्ट, नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद के बीच 130 मीटर रोड से सफर करने वालों को बहुत सहूलियत हो गई है। इन शहरों से नोएडा एयरपोर्ट आने जाने वालों को भी राहत मिली है।
सेक्टर—130 मीटर रोड को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने की प्लानिंग है। इसके लिए सिरसा के पास से यमुना क्षेत्र को जोड़ने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से सड़क निर्माण किया जाएगा। हालांकि, दिल्ली, पश्चिमी यूपी से आने वाले वाहन ग्रेटर नोएडा वेस्ट होते हुए यमुना एक्सप्रेस—वे पहुंच सकेंगे। जहां से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा जा सकेगा।



