Noida: सब्जी बेचने वाला गौड़ सिटी लेकर पहुंचा हाथी का दांत, पुलिस ने दो गिरफ्तार करते हुए कीमत का किया खुलासा
पुलिस ने तस्करों के पास से करीब डेढ़ किलो का हाथी का दांत बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद हाथी दांत की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

नोएडा सेंट्रल पुलिस के थाना बिसरख पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित हाथी दांत की तस्करी करने वाले दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी न्यू हैबतपुर कब्रिस्तान के पास से की गई है।
पुलिस ने तस्करों के पास से करीब डेढ़ किलो का हाथी का दांत बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद हाथी दांत की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। बिसरख पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने गौर सिटी-दो स्थित न्यू हैबतपुर कब्रिस्तान के पास खाली प्लॉट में घेराबंदी कर राजेंद्र निवासी बुलंदशहर और संदीप निवासी गाजियाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी राजेंद्र की पहचान इंदिरापुरम की सब्जी मंडी में सब्जी बेचने वाले एक सरदार मुकेश से हुई थी। राजेंद्र भी उसके साथ सब्जी का काम करता था।
हाथी दांत किसी ग्राहक तक पहुंचाने के लिए दिया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हाथी दांत कहां से लाया गया था और इसे किसे सपुर्द किया जाना था। पूरे गिरोह का आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।



