Greater Noida: क्लब में खाने-पीने के बाद जमकर की मस्ती, मारपीट और तोड़फोड़ कर बिना बिल चुकाए हुए फरार
ग्रेटर नोएडा की गोदरेज सोसाइटी निवासी सुनील राजपूत का ग्रेनो वेस्ट स्थित गेलेक्सी ब्लू सफायर माल में तथास्तु नाम से रेस्टोरेंट व क्लब हैं।

बिसरख कोतवाली क्षेत्र के गेलेक्सी ब्लू सफायर माल में स्थित तथास्तु रेस्टोरेंट व क्लब में जमकर बवाल हुआ। सिक्योरिटी एजेंसी संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर क्लब के कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। सभी ने पहले जमकर खाने—पीने के बाद डीजे में एंजाय करने के बहाने विवाद किया और फिर बिना बिल चुकाए फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
ग्रेटर नोएडा की गोदरेज सोसाइटी निवासी सुनील राजपूत का ग्रेनो वेस्ट स्थित गेलेक्सी ब्लू सफायर माल में तथास्तु नाम से रेस्टोरेंट व क्लब हैं। नए साल के अवसर पर स्पेशल एजेंट नाम से सिक्योरिटी एजेंसी चलाने वाले अमित बंसल ने क्लब में पार्टी के लिए बुकिंग कराई थी। इसमें 47 लोग शामिल हुए थे। पार्टी के दौरान डांस करते समय एक युवक का दो युवतियों से विवाद हो गया। अमित और उसके साथियों ने युवक से मारपीट कर दी। आरोप है कि बचाव में आए क्लब के कर्मचारी चंद्रशेखर, वारिस और आशु यादव के साथ भी मारपीट की गई।
अमित व अन्य ने तीनों को लातघूसों से पीट कर घायल कर दिया। जमकर हंगामा करते हुए फर्नीचर, ग्लास और शीशा आदि में तोड़ फोड़ की। पार्टी का बिल व नुकसान के रुपए मांगने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। मारपीट की घटना क्लब में लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। सुनील राजपूत ने पुलिस को तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया अमित बंसल व अन्य आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




