Greater Noida: एयरोड्रम लाइसेंस मिलने के बाद अब इस दिन से शुरू होंगी फ्लाइट! विधायक ने बताया ऐतिहासिक क्षण
एयरपोर्ट का एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम (ASP) फिलहाल बीसीएएस के पास अंतिम मंजूरी के लिए लंबित है। यह मंजूरी मिलते ही एयरपोर्ट के उद्घाटन की तारीख, एयरलाइन शेड्यूल और टिकट बिक्री की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तैयारी अंतिम चरण में है। एयरोड्रम लाइसेंस मिलने के बाद अगले 45 दिनों में घरेलू और कार्गो उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट सेवाएं भी शुरू की जाएंगी।
एयरपोर्ट का एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम (ASP) फिलहाल बीसीएएस के पास अंतिम मंजूरी के लिए लंबित है। यह मंजूरी मिलते ही एयरपोर्ट के उद्घाटन की तारीख, एयरलाइन शेड्यूल और टिकट बिक्री की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। दिसंबर 2024 में इंडिगो के एयरबस A320 विमान ने यहां सफल वैलिडेशन फ्लाइट की थी। इस दौरान रनवे, नेविगेशन सिस्टम और एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम की जांच की गई थी।
जेवर के विधायक ने एयरपोर्ट को एरोड्रम लाइसेंस मिलने पर खुशी जाहिर की है। बता दें कि छह जुलाई 2017 को ज़ेवर में एयरपोर्ट निर्माण के लिए साइट क्लीयरेंस प्रदान की गई थी। लगभग नौ साल बाद परियोजना अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि लगभग 45 दिनों के भीतर नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट उड़ान संचालन के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगा। यह एयरपोर्ट केवल एक अवसंरचना परियोजना नहीं है, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाला विकास का इंजन सिद्ध होगा।




