नोएडा में आलोक रंजन की पुस्तक Beyond GDP को मिला शानदार प्रतिसाद, 100 से अधिक प्रतियां बिकीं

नोएडा – उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्य सचिव एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी आलोक रंजन की पुस्तक Beyond GDP: In Pursuit of Measuring Happiness पर सोमवार को डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया स्थित ओम बुक शॉप में पुस्तक हस्ताक्षर एवं पाठक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुस्तक प्रेमियों, विद्यार्थियों, प्रोफेशनल्स और विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शामभर चले इस कार्यक्रम में पाठकों की अच्छी खासी भीड़ रही और मौके पर ही पुस्तक की 100 से अधिक प्रतियां बिकीं। यह उत्साह इस बात का संकेत रहा कि विकास, खुशहाली और जीवन की गुणवत्ता जैसे विषयों को लेकर समाज में गंभीर रुचि बढ़ रही है।
कार्यक्रम के दौरान आलोक रंजन ने पाठकों से अनौपचारिक संवाद किया, उनकी जिज्ञासाओं का उत्तर दिया और पुस्तक पर हस्ताक्षर भी किए। उन्होंने कहा कि GDP आर्थिक प्रदर्शन का महत्वपूर्ण पैमाना है, लेकिन यह किसी समाज की वास्तविक खुशहाली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक विश्वास, गरिमा, पर्यावरणीय संतुलन और मानवीय विकास को पूरी तरह नहीं माप सकता। उनके अनुसार विकास का मूल्यांकन केवल आर्थिक वृद्धि से नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन में आने वाले वास्तविक सकारात्मक बदलावों से होना चाहिए।
पूर्व मुख्य सचिव के रूप में सार्वजनिक प्रशासन का लंबा अनुभव रखने वाले आलोक रंजन ने अपनी पुस्तक में Human Development Index (HDI), Sustainable Development Goals (SDGs) और भूटान के Gross National Happiness (GNH) जैसे वैश्विक मॉडलों का उल्लेख करते हुए मानव-केंद्रित विकास की अवधारणा को विस्तार से समझाया है। पुस्तक इस बात पर बल देती है कि किसी भी देश की प्रगति का अंतिम उद्देश्य नागरिकों का बेहतर जीवन, समान अवसर, सामाजिक सम्मान और समग्र खुशहाली होना चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद पाठकों ने पुस्तक को वर्तमान समय के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताया। उनका कहना था कि भारत की तेज़ आर्थिक प्रगति के दौर में यह चर्चा और भी महत्वपूर्ण हो जाती है कि विकास का वास्तविक अर्थ केवल उत्पादन और आय बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है।
यह कार्यक्रम ओम बुक शॉप एवं ओम पब्लिशर्स द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें लेखक-पाठक संवाद, पुस्तक हस्ताक्षर और विचार-विमर्श प्रमुख आकर्षण रहे।
लेखक परिचय:
आलोक रंजन उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्य सचिव और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं। वे सार्वजनिक नीति, सुशासन, विकास और मानवीय कल्याण जैसे विषयों पर लंबे समय से कार्य और लेखन करते रहे हैं। उनकी नवीनतम पुस्तक Beyond GDP: In Pursuit of Measuring Happiness आर्थिक विकास से आगे बढ़कर मानव-केंद्रित विकास और खुशहाली को विकास के प्रमुख मानदंड के रूप में स्थापित करने का प्रयास करती है।




