भारतीय किसान परिषद ने राम भरोसे यादव को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष बनाया, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

नोएडा। भारतीय किसान परिषद ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए राम भरोसे यादव को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा द्वारा की गई।
नियुक्ति की घोषणा के बाद भारतीय किसान परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राम भरोसे यादव का भव्य स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि राम भरोसे यादव अपने अनुभव, नेतृत्व क्षमता और समर्पण के बल पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, मजदूरों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और किसानों के हितों की लड़ाई को और प्रभावी बनाया जाएगा।
नवनियुक्त पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष राम भरोसे यादव ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों, सम्मान और समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार संघर्ष करेंगे तथा संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने का कार्य करेंगे।




