Bihar Election 2025: चुनाव से पहले CM नीतीश का बिग एक्शन, पूर्व मंत्री समेत 11 को दिखाया बाहर का रास्ता
बिहार चुनाव से ऐन वक्त पहले निष्काषित किए गए नेताओं के बाद पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों में खलबली मच गई है।

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा करीब है। उससे पहले राजनैतिक उठक—पठक जारी है। सियासी हलचल के बीच सीएम नीतीश कुमार ने 11 को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। जेडीयू से निकाले गए नेताओं में पूर्व मंत्री, विधायक और विधान पार्षद शामिल है। निष्कासन का आदेश जारी कर जेडीयू ने कहा कि सभी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल थे।
जेडीयू के प्रदेश महासचिव और मुख्यालय प्रभारी चंदन कुमार सिंह के मुताबिक, बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी की विचारधारा, पार्टी विरोधी गतिविधियों और संगठनात्मक आचरण के विरुद्ध कार्य करने में संलिप्त रहने के कारण तत्काल पार्टी से निष्कासित किया जाता है। बिहार चुनाव से ऐन वक्त पहले निष्काषित किए गए नेताओं के बाद पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों में खलबली मच गई है।
पार्टी से बाहर निकाले गए नेताओं में पूर्व मंत्री शैलेश कुमार, पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद, बड़हरिया से पार्टी के पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह, बरहरा भोजपुर से पूर्व विधान परिषद रणविजय सिंह,
बरबीघा से पार्टी के पूर्व विधायक सुदर्शन कुमार, बेगूसराय से अमर कुमार सिंह, वैशाली से डॉ. आसमा परवीन, नबीनगर से लव कुमार, कदवा कटिहार से आशा सुमन, मोतिहारी से दिव्यांशु भारद्वाज और जीरादेई सिवान से विवेक शुक्ला शामिल है।




