Noida: सुपरटेक इको विलेज-1 सोसाइटी में कम हुआ CAM चार्ज, सुविधाओं में कटौती पर मनमानी नहीं कर सकेगी कंपनी
किसी भी कीमत पर इसको लेकर कंपनी की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी।

ग्रेनो वेस्ट की सुपरटेक इको विलेज-1 सोसाइटी में कॉमन एरिया मेंटेनेंस चार्ज के विरोध में चल रहे धरना प्रदर्शन में शनिवार को दादरी विधायक तेजपाल नागर और भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा पहुंचे। जहां उन्होंने निवासियों को कॉमन एरिया चार्ज में कटौती के साथ सभी सुविधाएं जस के तस दिलाने का आश्वासन दिया है। कंपनी से साफ कहा है कि वह मेंटेनेंस चार्ज में कटौती के साथ पहले की तरह अन्य सभी सुविधाएं देनी होगी।
विधायक तेजपाल नागर और जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा के समक्ष निवासियों ने अपनी समस्याएं रखी। जिसके बाद विधायक ने कंपनी से कहा है कि वह पांच सितंबर से ही मेंटेनेंस चार्ज में दो रुपये जीएसटी के साथ वसूल सकेगी। इससे पहले कंपनी की तरफ से मेंटेनेंस शुल्क 2.75 रुपये प्रति वर्गफुट वसूला जा रहा था। साथ ही मैनपावर में कटौती नहीं करेगी। समय पर AOA का चुनाव कराया जाएगा। अब कंपनी 21 सितंबर के बाद सुविधा या Manpower कम करने के नाम पर दबाव नहीं डाल सकेगी।
विधायक ने कहा कि किसी भी कीमत पर इसको लेकर बिल्डर या फिर कंपनी की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। हर निवासी को AOA का सदस्य बनने, चुनाव में भाग लेने और अपने प्रतिनिधि चुनने का पूरा अधिकार होगा। साथ ही निवासियों ने मांग की है कि सोसाइटी का प्रबंधन बिल्डर की जगह चुने हुए प्रतिनिधियों के हाथ में होना चाहिए। साथ ही किसी भी तरह की चापलूसी, दबाव या दादागिरी लंबे समय तक नहीं चलेगी।
सोसाइटी निवासियों की माने तो सुविधाओं में कटौती करना उचित नहीं है। सोसाइटी परिसर में मेंटेनेंस चार्ज कम करने के बाद साफ—सफाई, सुरक्षा और रखरखाव आदि सेवा कम की जा रही है। आरोप है कि शुक्रवार देर रात सोसाइटी एप और व्हाट्सप्प ग्रुप में मेसेज जारी करके शुल्क में कटौती के बारे में जानकारी दी थी। इस दौरान मैसेज कर निवासियों को एजेंसी ने मेल में लिखा था कि चार्ज कम करने के बाद सुरक्षा गार्डो की संख्या 240 से घटाकर 141, सफाई कर्मियों की 128 से 74 और बागवानी कर्मचारियों की 33 से 19 की जाएगी। कम सीएएम शुल्क के बावजूद सभी जरूरी सेवाएं जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। टावर मरम्मत, पेंटिंग, अतिरिक्त सीसीटीवी और गेट चौड़ा करने जैसे विकास कार्य भी रोकने की तैयारी है। लेकिन कंपनी अब पहले की तरह ही सुविधा मुहैया कराएगी।



