नोएडा में साइबर ठगी का खुलासा, आरोपी सागर चौहान गिरफ्तार

नोएडा: नोएडा साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर साइबर ठग सागर चौहान को गिरफ्तार किया है।
सागर पर आरोप है कि वह एक अस्पताल से जुड़े 9 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में शामिल था।
अस्पताल से 9 करोड़ की ठगी, शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, एक अस्पताल को कैशलेस इलाज के नाम पर करीब 9 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इसके बाद साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पहले ही दो आरोपी गिरफ्तार, अब तीसरा भी पकड़ा गया
पुलिस ने पहले इस मामले में अस्पताल के पूर्व रिकवरी अधिकारी और उसके साथी को 25 जून को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी जांच की कड़ी में अब तीसरे आरोपी सागर चौहान की गिरफ्तारी हुई है।
फर्जी खाते में हुआ 182 करोड़ का लेन-देन
पुलिस पूछताछ में सागर ने बताया कि उसके नाम पर एक फर्जी बैंक खाता खोला गया था। इस खाते में करीब 1.94 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे।
इसके बदले उसे हर महीने 10 हजार रुपये दिए जाते थे। जब पुलिस ने उस खाते की जांच की, तो खुलासा हुआ कि पिछले दो सालों में उसमें करीब 182 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ है।
पुलिस कर रही नेटवर्क की गहराई से जांच
पुलिस अब इस पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच में जुट गई है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि इतने बड़े पैमाने पर ट्रांजैक्शन किन-किन लोगों के माध्यम से किए गए।
नोएडा पुलिस की आम जनता को सावधानी की सलाह
पुलिस ने लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है:
किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और बैंक डिटेल्स साझा न करें।
किसी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर न करें।
सोशल मीडिया पर मिलने वाले “पैसे कमाने” वाले ऑफर्स से दूर रहें।
साइबर ठगी की शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर करें या www.cybercrime.gov.in वेबसाइट पर दर्ज करें।




