आवारा कुत्तों से फैल रही बीमारियां, सरकार के नियमों पर समाजसेवी जोगिंदर सिंह ने उठाए सवाल

नोएडा : आज नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित एक बैठक में गौतम बुद्ध नगर के समाजसेवी श्री जोगिंदर सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए ABC रूल 2023 तथा उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव श्री अमृत अभिजात के आदेश को पूरी तरह से असंवैधानिक करार दिया।
उन्होंने कहा कि ये दोनों ही नियम नागरिकों के मौलिक अधिकार, विशेषकर अनुच्छेद 21 – जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार के खिलाफ हैं। किसी भी सरकार को नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों से खिलवाड़ करने की इजाज़त नहीं दी जा सकती।
आवारा कुत्तों से फैल रहा संक्रमण
जोगिंदर सिंह ने बताया कि शहरों और गांवों की सड़कों पर आवारा कुत्तों द्वारा फैलाए जा रहे मल-मूत्र से गंदगी बढ़ रही है। इस गंदगी में रेबीज समेत 300 से अधिक बीमारियों के कीटाणु पाए जाते हैं, जो नालियों और पानी के माध्यम से नदियों, तालाबों और वातावरण को प्रदूषित करते हैं।
जन स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा
यह स्थिति नागरिकों के स्वास्थ्य पर बड़ा खतरा है। अंतरराष्ट्रीय शोधों में भी प्रमाणित किया गया है कि आवारा कुत्ते कई प्रकार की बीमारियों के वाहक होते हैं और ये सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट का बड़ा कारण बनते हैं।
सड़क दुर्घटनाओं का कारण
उन्होंने कहा कि आवारा कुत्ते न केवल बीमारियों के वाहक हैं बल्कि आए दिन सड़क दुर्घटनाओं का भी बड़ा कारण बनते हैं। हर साल सैकड़ों लोग इन घटनाओं का शिकार होते हैं।
सरकार की जिम्मेदारी
सरकार को चाहिए कि वह नागरिकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यावहारिक और प्रभावी समाधान लागू करे। केवल कागज़ी नियम बनाकर नागरिकों के अधिकारों पर अंकुश लगाना समाधान नहीं है।
नागरिकों से समाजसेवी की अपील
जोगिंदर सिंह ने देश के नागरिकों से अपील की कि वे ABC रूल 2023 की अवज्ञा आंदोलन के रूप में शुरुआत करें और अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा हेतु एकजुट होकर कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपने मूल अधिकारों के लिए खड़े होना होगा, तभी सरकार पर दबाव बनेगा।




