उद्यमियों का भरोसा बरकरार, नोएडा एंटरप्रिनियोर्स एसोसिएशन में विपिन मल्हन–वी.के. सेठ पैनल की निर्विरोध जीत
नोएडा – नोएडा एंटरप्रिनियोर्स एसोसिएशन के चुनाव में Noida Entrepreneurs Association के अंतर्गत विपिन मल्हन एवं वी.के. सेठ पैनल को निर्विरोध विजयी घोषित किया गया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई।
इस अवसर पर चुनाव अधिकारी योगेश आनंद, राकेश कत्याल, प्रदीप मेहता एवं सुभाष सिंघल ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में सक्रिय, पारदर्शी और जिम्मेदार कार्यप्रणाली अपनाने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में विपिन मल्हन ने कहा कि यह जीत केवल किसी एक पैनल की नहीं, बल्कि समस्त उद्यमी समुदाय की जीत है। यह उन उद्यमियों के विश्वास की जीत है जो उद्योग स्थापित कर रोजगार सृजन करते हैं, सरकार को राजस्व देते हैं और सामाजिक जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए एसोसिएशन पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ उद्योगों के विकास तथा उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहेगी। अंत में उन्होंने सफलतापूर्वक चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए सभी चुनाव अधिकारियों का धन्यवाद किया तथा उद्यमियों के सहयोग और विश्वास के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।




