नोएडा में बेखौफ बदमाश! नई थार रॉक्स के शीशे तोड़ उड़ाए ₹2 लाख, CCTV में कैद हुई वारदात

नोएडा- नोएडा के थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। सेक्टर-45 सदरपुर स्थित शर्मा मार्केट के पास खड़ी एक नई थार रॉक्स गाड़ी को देर रात निशाना बनाकर बदमाशों ने उसमें जमकर तोड़फोड़ की और करीब ₹2 लाख रुपये चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
पीड़िता के अनुसार गाड़ी में रखे गए रुपये उसके भाई के इलाज के लिए थे। बताया जा रहा है कि वारदात रात करीब 12:30 बजे से 1 बजे के बीच हुई। बदमाशों ने पहले गाड़ी के आगे, पीछे और साइड के शीशे तोड़े, फिर अंदर रखी नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज में 2 से 3 युवक संदिग्ध गतिविधियों के साथ गाड़ी के आसपास दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद इलाके में दहशत और लोगों में नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-39 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा..



