नोएडा की चार मंजिला इमारत में भीषण आग, 100 लोग फंसे, मौके पर मचा हड़कंप !

नोएडा: मंगलवार देर रात नोएडा सेक्टर-87 के नया गांव, गली नंबर-1 में स्थित एक चार मंजिला इमारत में अचानक भीषण आग लग गई।
रात करीब 11:24 बजे फायर डिपार्टमेंट को सूचना दी गई। देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया और भारी धुआं भर गया।
गैस रिसाव से हुआ धमाका, तेजी से फैली आग
बताया जा रहा है कि इमारत की पहली मंजिल पर रखे घरेलू एलपीजी सिलेंडर से गैस का रिसाव हो रहा था। अचानक हुए धमाके के बाद आग फैल गई और धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गया। इससे घबराए करीब 100 लोग अपनी जान बचाने के लिए छत पर चढ़ गए।
6 दमकल गाड़ियां और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से चला रेस्क्यू ऑपरेशन
आग की गंभीरता को देखते हुए पास-पड़ोस के कुल 6 फायर स्टेशन से दमकल गाड़ियां और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मौके पर भेजा गया।
दमकल कर्मियों ने पहले आग पर काबू पाने की कोशिश की और फिर पुलिस व फायर यूनिट की मदद से फंसे हुए सभी लोगों को रेस्क्यू किया।
सभी 100 लोग सुरक्षित, कुछ को दम घुटने की शिकायत
सीढ़ियों और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से सभी 100 लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। किसी की जान नहीं गई, लेकिन कुछ लोगों को दम घुटने की परेशानी के चलते प्राथमिक उपचार दिया गया।
गनीमत रही, नहीं हुई कोई जनहानि
इस बड़े अग्निकांड में राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग की तत्परता और सही समय पर शुरू हुए रेस्क्यू ऑपरेशन ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।




