यूपी में निवेश की पांच रणनीति और पांच शहर, योगी सरकार का यह है प्लान
सीएम योगी दे चुके हैं ‘इन्वेस्ट यूपी’ के पुनर्गठन को मंजूरी, अब देशभर में पहुंचेगी यूपी की निवेश ताकत
यूपी में निवेशकों को आकर्षित करने की दिशा में सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। देश के पांच प्रमुख महानगर मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और नई दिल्ली में इन्वेस्ट यूपी के सैटेलाइट इन्वेस्टमेंट प्रमोशन ऑफिस खोले जाएंगे। जिसका उद्देश्य देश के बड़े औद्योगिक केंद्रों से पूंजी निवेश को सीधे उत्तर प्रदेश तक लाना और निवेशकों को राज्य की नीतियों एवं संभावनाओं से जोड़ना है।
प्रत्येक ऑफिस में होगा समर्पित स्टॉफ
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पहले ही इन्वेस्ट यूपी के पुनर्गठन प्रस्ताव को हरी झंडी दे चुके हैं। इसी क्रम में इन सैटेलाइट ऑफिसों की स्थापना किए जाने का प्रस्ताव है, जो राज्य में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देंगे। प्रत्येक ऑफिस में एक जनरल मैनेजर, एक असिस्टेंट जनरल मैनेजर, दो उद्यमी मित्र, दो एग्जिक्यूटिव और दो ऑफिस असिस्टेंट की टीम कार्य करेगी। सभी पांचों कार्यालयों पर कुल 12 करोड़ रुपये से अधिक की वार्षिक धनराशि व्यय होने का अनुमान है।
ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस की छवि होगी और मजबूत
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का कहना है कि प्रदेश मौजूद समय में निवेशकों के लिए पहली पंसद बन चुका है। सैटेलाइट दफ्तर इस दिशा में अहम कदम साबित होगा। इन सैटेलाइट दफ्तरों की मदद से यूपी देश के शीर्ष औद्योगिक केंद्रों में अपनी स्थायी मौजूदगी दर्ज करेगा और वैश्विक निवेश मानचित्र पर एक नई पहचान बनाएगा।



