शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण पर फोकस से मजबूत होगी इकोनॉमिक ग्रोथ: यूपी बजट 2026-27 पर सेक्टर-18 मार्केट एसोसिएशन

नोएडा – नोएडा के सेक्टर-18 मार्केट एसोसिएशन के प्रेसिडेंट सुशील कुमार जैन ने उत्तर प्रदेश सरकार के वर्ष 2026-27 के ₹9.13 लाख करोड़ के बजट को विकासोन्मुखी और व्यापार-हितैषी बताते हुए इसका स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और विकास की रफ्तार तेज करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सुशील कुमार जैन ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में बजट में 12.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है, जो यह दर्शाती है कि सरकार विकास को लेकर गंभीर और दूरदर्शी सोच के साथ आगे बढ़ रही है। बजट में शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, स्किल डेवलपमेंट और महिला सशक्तिकरण जैसे अहम क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास पर निवेश से युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे, वहीं कृषि और स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती मिलने से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में जीवन स्तर में सुधार होगा। महिला सशक्तिकरण पर जोर देने से आर्थिक और सामाजिक संतुलन भी मजबूत होगा।
सुशील कुमार जैन के अनुसार, इस बजट का सीधा सकारात्मक असर आर्थिक विकास और व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ेगा। बाजारों में मांग बढ़ेगी, निवेश को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट प्रदेश के व्यापारियों, उद्योगों और आम नागरिकों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और उत्तर प्रदेश को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाएगा।




