पूर्व परिचित ने ग्रेनो विकास प्राधिकरण के सुपरवाइजर को गोली मारी
हमलावर के भाई पर कुछ दिन पहले सुपरवाइजर किया था हमला

नोएडा। ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के कांटेक्ट सुपरवाइजर लोकेश भाटी को उसके परिचित मोहित भाटी ने गोली मारकर घायल कर दिया। लोकेश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। परिचित गोली मारने के बाद मौके से भाग गया। इस मामले में पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस मोहित की तलाश में जुट गई है।
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र के तहत डेल्टा टू में रविवार की शाम लोकेश भाटी यहां थे। उसी दौरान लोकेश के एक पूर्व परिचित मोहित भाटी वहां आया और उनके पैर में गोली मार दी। गोली मारने के बाद वह मौके से भाग गया। गोली लगने के बाद दर्द से कराहते लोकेश पर अन्य लोगों की निगाह पड़ी। उन्होंने उनकी गंभीर हालत को देखकर पास के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने बताया कि चूंकि लोकेश के पैर में गोली लगी है। इसलिए कोई खतरे की बात नहीं है।
लोकेश और उसके पूर्व परिचित मोहित दोनों ग्रेटर नोएडा स्थित पाली गांव के निवासी हैं। कुछ दिनों से दोनों के बीच किसी मामले को लेकर झगड़ा हो गया था। इससे दोनों में बोलचाल बंद थी। लेकिन दोनों ही एक दूसरे से दुश्मनी पाले हुए थे। चर्चा है कि कुछ समय पहले लोकेश ने मोहित के भाई पर हमला किया था। ऐसा समझा जाता है कि उसी का बदला लेने के लिए उसने लोकेश को गोली मारी है।