Greater Noida: रिटायर्ड फौजी की पिस्टल से शादी में की गई हर्ष फायरिंग में दस साल का बच्चा घायल, लाईसेंस होगा निरस्त
खैरपुर गांव निवासी सुभाष खारी के दो बेटों की बारात रविवार को नगला चमरू गांव गई थी। जहां चढ़त के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में सुनील प्रजापति का दस वर्षिय बेटा क्रिश गोली लगने से घायल हो गया।

जारचा कोतवाली क्षेत्र के नगला चमरू गांव में चढ़त के दौरान हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक दस साल का बच्चा घायल हो गया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक फरार है। टशन दिखाने के लिए एक आरोपी अपने पिता की पिस्टल लेकर शादी में शामिल हुआ था। उसने ही अपने दोस्त को पिस्टल से फायरिंग करने के लिए दी थी। अब पुलिस ने गाजियाबाद जिला प्रशासन को पिस्टल के लाईसेंस को निरस्त करने के लिए रिपोर्ट भेजी है।
जानकारी के अनुसार, खैरपुर गांव निवासी सुभाष खारी के दो बेटों की बारात रविवार को नगला चमरू गांव गई थी। जहां चढ़त के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में सुनील प्रजापति का दस वर्षिय बेटा क्रिश गोली लगने से घायल हो गया। घायल को पुलिस ने उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने गाजियाबाद के जावली गांव निवासी अभिषेक और ईशू कसाना को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने पिस्टल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए है। निक्की पिस्टल लेकर गया था। उसके पिता अमर सिंह रिटायर्ड फौजी है। पिस्टल के अलावा अमर सिंह पर लाईसेंसी राइफल भी है।
पकड़ा गया आरोपी अभिषेक पहले भी जेल जा चुका है। उसके खिलाफ गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में हत्या के प्रयास, मारपीट आदि की धाराओं में चार मुकदमे दर्ज है। अभिषेक, निक्की और ईशू तीनों ही दुल्हेे प्रीत एवं आदर्श के बहनोई के दोस्त है। जारचा कोतवाली प्रभारी कैलाश नाथ ने बताया कि पूरी घटना की रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को लाईसेंस निरस्त करने के लिए भेजी जा रही है। इस मामले में दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए है। अभी ओर भी आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है।




