Greater Noida: हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से 11वीं क्लास का छात्र घायल, दस से अधिक पर मुकदमा दर्ज
लोनी के मेवला भट्टी गांव निवासी निखिल बैसला की नरौली गांव में बारात आई थी। नरौली गांव में चढ़त हो रही थी। आरोप है कि चढ़त के दौरान एक युवक फायरिंग कर रहा था

जारचा के नरौली गांव में दूल्हे की चढ़त के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में गोली लगने से एक नाबालिग घायल हो गया। इस मामले में पुलिस ने पांच नामजद समेत दस से अधिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। पिछले दस दिनों में जारचा क्षेत्र में गोली लगने की यह दूसरी घटना है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, लोनी के मेवला भट्टी गांव निवासी निखिल बैसला की नरौली गांव में बारात आई थी। नरौली गांव में चढ़त हो रही थी। आरोप है कि चढ़त के दौरान एक युवक फायरिंग कर रहा था। युवक दूल्हे का करीबी रिश्तेदार बताया जा रहा है। वहीं, नरौली गांव का सत्ते का 16 वर्षीय बेटा कालू बारात देख रहा था। कालू 11वीं क्लास का छात्र हैं हर्ष फायरिंग के दौरान गोली कालू के पैर में जा लगी। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया।
घायल को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चढ़त के दौरान आरोपी ने कई राउंड फायरिंग की थी। अभी पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोली लाईसेंसी पिस्टल व अन्य असलाह से चलाई गई है। जारचा कोतवाली क्षेत्र के नगला नगला चमरू गांव में ही 30 नवम्बर को एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में 12 साल का बच्चा गोली लगने से घायल हो गया था। अब यह बीते 11 दिनों में जारचा क्षेत्र में गोली चलने की दूसरी घटना हुई है।




