ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अजनारा होम्स में अवैध दुकानों पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सख्त कार्रवाई, अवैध कियोस्कों को हटवाया

ग्रेटर नोएडा वेस्ट : ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16बी स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी में अवैध कियोस्क और दुकानों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों पर आज प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की। वर्क सर्किल-01 टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को सील किया।
शिकायतों और नोटिस के बावजूद नहीं माने बिल्डर
प्राधिकरण ने बताया कि यह कार्रवाई योजना विभाग के आदेश संख्या नियोजन/2024/1229 (दिनांक 16 जून 2024) के आधार पर की गई। नेफोवा अध्यक्ष अभिषेक कुमार की शिकायतों के साथ-साथ अन्य निवासियों की ओर से भी शिकायतें प्राधिकरण तक पहुंचीं थीं।
कई बार नोटिस जारी होने के बावजूद बिल्डर ने अवैध निर्माण नहीं हटाया, जिसके चलते 6 नवंबर 2024 को सीलिंग और ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया गया था, आज की कार्रवाई प्रबंधक अभिषेक सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरी गार्ड व्यवस्था तैनात की गई थी। प्राधिकरण के प्लानिंग और प्रोजेक्ट विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।
कड़ी चेतावनी: दोबारा की जाएगी कार्रवाई
प्राधिकरण ने साफ किया है कि अवैध निर्माण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि 15 दिन के भीतर अवैध ढांचों को स्वयं नहीं हटाया गया तो दोबारा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय निवासी भी रहे मौजूद
कार्रवाई के दौरान कार्यवाहक एओए अध्यक्ष चंदन सिन्हा सहित सुल्तान सिंह, विपुल शर्मा, एस.एस. पाण्डेय, ऋषभ जैन, वरुण मिश्रा, नितिन मित्तल, प्रशांत मिश्रा, शंकर सिंह, सचिन गुप्ता, दिनकर समेत कई निवासी मौजूद रहे और कार्रवाई का समर्थन किया।




