Greater Noida: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बोले—अस्पतालों में मिली खामियां तो नपेंगे जिम्मेदार!
उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मूलभूत सुविधाएं, साइनेज, सिटीजन चार्टर, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने सभी जनपद के अस्पतालों में एमआरआई एवं आईसीयू की व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए है।

प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपचार में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अस्पतालों में इन्फ्रास्ट्रक्चर, मूलभूत सुविधाए, तीमारदारों के रेन बसेरा, दवाई आदि की व्यवस्था दुरस्त रहने चाहिए। यह कहना है प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का। शुक्रवार को उन्होंने ग्रेटर नोएडा के जिम्स में मेरठ, मुरादाबाद एवं सहारनपुर मंडलों के विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मूलभूत सुविधाएं, साइनेज, सिटीजन चार्टर, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने सभी जनपद के अस्पतालों में एमआरआई एवं आईसीयू की व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपदों में हेल्थ एटीएम की व्यवस्था, फायर एक्सटिग्विशर और फायर ऑडिट कराने के निर्देश दिए है।
गंभीरता से किया जा रहा कार्य
छह से आठ फरवरी को मेरठ, मुरादाबाद एवं सहारनपुर मंडल के 14 जिलों में लगभग 2437 चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में 19 जिला चिकित्सालयों, 131 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, 446 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, 1825 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, 10 विशेष चिकित्सालयों एवं 06 मेडिकल कालेज एवं 662 मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का राज्य, मण्डल एवं जनपद स्तरीय 117 टीमों के माध्यम से स्थलीय पर्यवेक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सामने आए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।




