Greater Noida: यूपी के मंत्री के खिलाफ सड़कों पर उतरी करणी सेना, पद से न हटने पर दी यह बड़ी चेतावनी
क्षत्रिय करणी सेना के नोएडा महानगर अध्यक्ष ठाकुर संग्राम सिंह चौहान ने बताया कि मंत्री संजय निषाद की टिप्पणी से समाज, बलिया निवासी और स्थानीय नागरिकों में गहरा रोष व्याप्त है।

क्षत्रिय करणी सेना का उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा है। बलिया में दिए गए विवादित बयान के विरोध में मंगलवार को सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट पर संजय निषाद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम वेद प्रकाश पांडे को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। निषाद को तत्काल मंत्री पद से हटाने की मांग करते हुए करणी सेना ने कहा है कि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश भर में धरना—प्रदर्शन किया जाएगा।
क्षत्रिय करणी सेना के नोएडा महानगर अध्यक्ष ठाकुर संग्राम सिंह चौहान ने बताया कि मंत्री संजय निषाद की टिप्पणी से समाज, बलिया निवासी और स्थानीय नागरिकों में गहरा रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि बलिया एक गौरवशाली और ऐतिहासिक जिला है। जिसने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक अमर शहीद मंगल पांडे जैसे वीरों को जन्म दिया है। ऐसे जिले के लिए असंवेदनशील टिप्पणी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और एक जिम्मेदार पद पर बैठे मंत्री से संयमित भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए।
ऐसे बयान न केवल संवैधानिक मर्यादा का उल्लंघन हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी बिगाड़ते हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदेश प्रवक्ता विपिन सिंह सूर्यवंशी, जोगिंदर, शैलेंद्र, निक्कू राजा, सूरज, शिवम, सोनू, मोहित, आकाश आदि मौजूद रहे।




