Greater Noida: ‘स्ट्रीट फूड’ के शौक ने पहुंचाया अस्पताल, मोमोज खाने से दो परिवार के 12 से अधिक हुए बीमार
बीमार लोगो में सभासद मोहम्मद आरिफ के परिवार शामिल है। लोगों ने एक ही दुकान से मोमोज खरीदे थे। सभासद मोहम्मद आरिफ का कहना है कि उनकी बहन और बच्चों ने तहसील के पास वाली दुकान से मोमोज लाकर खाए थे।

ग्रेटर नोएडा ‘स्ट्रीट फूड’ के शौक ने एक दर्जन से ज्यादा लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया है। दादरी तहसील के पास स्थित एक दुकान से मोमोज खाना दो अलग-अलग परिवारों को भारी पड़ गया। मोमोज खाते ही लोगों को उल्टी, पेट दर्द और तेज बुखार की शिकायत होने लगी, जिसके बाद आनन-फानन में सभी को दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बीमार लोगो में सभासद मोहम्मद आरिफ के परिवार शामिल है। लोगों ने एक ही दुकान से मोमोज खरीदे थे। सभासद मोहम्मद आरिफ का कहना है कि उनकी बहन और बच्चों ने तहसील के पास वाली दुकान से मोमोज लाकर खाए थे। खाने के बाद से ही सबके पेट में तेज दर्द और बुखार की शिकायत हुई। परिवार के ही करीब 10 लोग बीमार हैं। उसी दुकान से मोमोज खाने वाले अन्य परिवार के लोग भी अस्पताल में भर्ती हैं। सैन्डी नाम के एक अन्य मरीज ने बताया कि उसने भी मोमोज खाए थे, जिसके बाद से रात भर उल्टी और दस्त हो रहे हैं। यहां अस्पताल में और भी कई लोग वही मोमोज खाकर आए हैं। अभी भी तबीयत में ज्यादा सुधार नहीं है।
अस्पताल में फिलहाल 10 से ज्यादा मरीज भर्ती हैं, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं। दादरी सरकारी अस्पताल के ड्यूटी ऑफिसर डॉ. काशिफ नदीम आलम का कहना है कि दोपहर 2 से 3 बजे के बीच करीब 10 मरीज आए हैं। सभी को पेट दर्द और लूज मोशन (दस्त) की शिकायत है। हिस्ट्री पूछने पर पता चला कि सभी ने बाहर का खाना यानी मोमोज खाए थे। शुरुआती तौर पर यह फूड पॉइजनिंग का मामला लग रहा है।




