Greater Noida: सीवर का पानी घरों में पी रहे ग्रेटर नोएडावासी, इंदौर की घटना से सबक!
दूषित पानी सप्लाई का प्राधिकरण ने तत्काल संज्ञान में लेते हुए मौके पर जाकर जांच के निर्देश दिए है। जल विभाग की टीम ने जिन सेक्टरवासियों ने दूषित पानी सप्लाई की शिकायत की थी,

सेक्टर डेल्टा-1 सी-ब्लॉक में सीवर लाइन टूटने की वजह से दूषित पानी घरों तक पहुंच रहा है। दूषित पानी को पीने से कम से कम 8 से 10 लोग बीमार हो गए। इस पर संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को मेडिकल कैंप लगाया। हालही में इंदौर में गंदा पानी पीने से दर्जन भर लोगों के बीमार होने की घटना के बाद भी प्राधिकरण ने कोई सबक नहीं लिया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्राधिकरण ने सीवर लाइन की मरम्मत करने के बजाय उसे ड्रेन से जोड़ दिया। ड्रेन का मेनहोल सही तरीके से बंद नहीं था, जिससे गंदा पानी बाहर निकलकर जल विभाग की जर्जर और लीकेज वाली पाइपलाइन में मिल गया और घरों में दूषित पानी की सप्लाई होती रही।
हरकत में आया प्राधिकरण
दूषित पानी सप्लाई का प्राधिकरण ने तत्काल संज्ञान में लेते हुए मौके पर जाकर जांच के निर्देश दिए है। जल विभाग की टीम ने जिन सेक्टरवासियों ने दूषित पानी सप्लाई की शिकायत की थी, उनके घरों में जाकर पानी की जांच की है। जल विभाग की तरफ से बताया गया है कि इन घरों में पानी साफ पाया गया। सिर्फ एक घर के सप्लाई कनेक्शन में दिक्कत थी और एक अन्य जगह पर पाइप से लीकेज प्राप्त हुई है। दोनों जगहों पर विभाग की तरफ से तत्काल रिपेयर करा दिया गया है, लेकिन जलापूर्ति में सीवर के मिश्रित होने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है।
इंदौर की घटना के बाद जांच के दिए निर्देश
जल विभाग की टीम ने शाम को जलापूर्ति होने पर दोबारा से सैंपल लिए हैं। इसे जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। वहीं, इंदौर की घटना पर संज्ञान लेते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने ग्रेटर नोएडा में सभी जगहों से पानी की रैंडम जांच कराने के निर्देश दिए हैं। जल विभाग को सभी जगहों से पानी की रैंडम जांच कराने को कहा गया है। जिन जगहों पर प्राधिकरण सप्लाई करता है वहां पानी की जांच प्राधिकरण खुद कराएगा। सोसाइटियों में प्रबंधन समिति को जलाशयों की नियमित सफाई कराने, पानी का सैंपल लेकर जांच कराने तथा रिपोर्ट प्राधिकरण के जल विभाग में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इन नंबरों पर कर सकते है शिकायत
इस बाबत जल विभाग की तरफ से पत्र जारी कर सूचना दी जा रही है। इसी तरह औद्योगिक, व्यावसायिक, आईटी, संस्थागत आदि एरिया में भी जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, प्राधिकरण एरिया में दूषित जलापूर्ति होने पर तत्काल जल विभाग को सूचित करने की अपील की गई है। इसके लिए वरिष्ठ प्रबंधक जल (9205691408) और प्रबंधक जल (8937024017) के मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।




