Greater Noida: डीजे की धुन पर थिरक रहे लोगों के बीच सिक्योरिटी गार्ड बने विलेन, फिर जमकर हुआ बवाल
होली के मौके पर सोसाइटी परिसर में डीजे की धुन पर लोग थिरक रहे थे। साथ ही जमकर गुलाल उड़ाया जा रहा था।

ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में स्थित राधा स्काई सोसाइटी में मामूली बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। सिक्योरिटी गार्डो ने निवासियों के साथ मारपीट कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दस को गिरफ्तार कर लिया है।
होली के मौके पर सोसाइटी परिसर में डीजे की धुन पर लोग थिरक रहे थे। साथ ही जमकर गुलाल उड़ाया जा रहा था। निवासियों के मुताबिक, उसी दौरान, सुरक्षा गार्डों ने आकर उन्हें रोका, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। बहस बढ़ने पर तीन से चार सुरक्षा गार्डों ने एक निवासी के साथ धक्का-मुक्की की और उसे डंडों से पीटा। मारपीट की पूरी घटना कैमरा में कैद हो गई और उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शांति भंग करने और मारपीट के आरोप में आनंद, गुड्डू कुमार, प्रकाश राय, किशन और दीपक के साथ ही दूसरे पक्ष के शिव कुमार शुक्ला, छबिनाथ, मदन लाल, राकेश और अनुराग कुमार को गिरफ्तार किया गया है. बिसरख थाना प्रभारी के अनुसार, इन सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।




