ग्रेटर नोएडा वेस्ट: खरीदारों को मिला मालिकाना हक, शुरू हुई रजिस्ट्री, चेहरे खिले

नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर 16C स्थित VVIP होम्स (सोलिटियर इंफ्राहोम्स) के फ्लैट खरीदारों के लिए बुधवार का दिन बेहद खास रहा।
सालों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू हो गई, जिससे खरीदारों के चेहरे पर सुकून और खुशी साफ झलकने लगी।
सोसायटी परिसर में ही लगाया गया रजिस्ट्री शिविर
खरीदारों की सहूलियत को देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, स्टांप विभाग और बिल्डर के संयुक्त प्रयास से रजिस्ट्री के लिए सोसायटी परिसर में ही विशेष शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का शुभारंभ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस की उपस्थिति में हुआ।
पहले दिन 76 फ्लैटों की हुई रजिस्ट्री
शिविर के पहले ही दिन 76 फ्लैटों की रजिस्ट्री पूरी की गई और संबंधित खरीदारों को दस्तावेज सौंपे गए। कुल मिलाकर 286 फ्लैटों की रजिस्ट्री की जानी है, जबकि पूरी सोसायटी में लगभग 1300 फ्लैट हैं, जिनमें से कुछ की रजिस्ट्री पहले ही हो चुकी है।
प्राधिकरण का निर्देश और खरीदारों का धैर्य रंग लाया
यह पहल ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देशों के तहत शुरू की गई है, जिससे फ्लैट खरीदारों को बार-बार दफ्तर के चक्कर न काटने पड़ें। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने रजिस्ट्री शिविर के दौरान खरीदारों के लंबे धैर्य की सराहना करते हुए उन्हें मालिकाना हक मिलने पर शुभकामनाएं दीं।
खुश नजर आए खरीदार, जताया आभार
रजिस्ट्री के बाद सौरव जैन, अतुल गुप्ता, मनविंदर सिंह भाटिया, रीता भटनागर जैसे कई फ्लैट खरीदारों ने अपनी खुशी जताई और प्राधिकरण व राज्य सरकार का धन्यवाद किया। इस मौके पर बिल्डर विभाग की प्रबंधक स्नेहलता, रजिस्ट्री विभाग और बिल्डर के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।




