डासना में दिल दहला देने वाली घटना, सौतेली माँ की बेरहमी से मासूम बच्ची की मौत

गाजियाबाद – गाजियाबाद के थाना वेव सिटी क्षेत्र अंतर्गत डासना इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि सौतेली माँ ने घरेलू विवाद के दौरान मासूम बच्ची की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान पाए गए हैं, जो बर्बर पिटाई की ओर इशारा करते हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सौतेली माँ के साथ-साथ बच्ची के पिता को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी, जिसके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की जा रही है।




