गाजियाबाद में हाई-स्पीड मुठभेड़! ₹25,000 का इनामी बदमाश घायल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

गाजियाबाद: इंदिरापुरम थाना पुलिस ने मंगलवार देर शाम एक बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस मुठभेड़ में ₹25,000 का इनामी बदमाश अफजल पुत्र अनवर घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, थाना इंदिरापुरम पुलिस टीम सेक्टर-1 वसुंधरा टी-पॉइंट पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हिण्डन पुलिया की ओर से एक संदिग्ध युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी तेज गति से भागने लगा। पीछा करने पर उसकी बाइक सेक्टर-2ए वसुंधरा के पास फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किया, जिससे आरोपी के पैर में गोली लगी।
घायल आरोपी की पहचान अफजल पुत्र अनवर, निवासी ए-248 लक्ष्मी गार्डन, थाना लोनी बॉर्डर, गाजियाबाद के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। अफजल पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं और वह स्नैचिंग व लूट की वारदातों में शामिल रहा है। पूछताछ में उसने बताया कि करीब एक माह पहले उसने अपने साथियों के साथ वसुंधरा सेक्टर-8 में बाइक सवार व्यक्ति से लूट की थी।
इंदिरापुरम एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण यह बड़ी सफलता मिली।




