सम्मानः अव्वल स्थान हासिल करने पर पुलिस कमिश्नर ने 25 हजार का पुरस्कार देकर किया सम्मानित
प्रशस्ति पत्र देकर की तारीफ, आरक्षी प्रियंका अरोड़ा ने 71वीं उत्तर प्रदेश पुलिस टेबिल टेनिस महिला प्रतियोगिता-2023 में प्रथम स्थान हासिल किया

नोएडा। 71वीं उत्तर प्रदेश पुलिस टेबिल टेनिस महिला प्रतियोगिता-2023 में प्रथम स्थान प्राप्त कर आरक्षी प्रियंका अरोड़ा ने कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के लिए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने प्रियंका अरोड़ा को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देकर आज बुधवार को सम्मानित किया।
अलीगढ़ में आयोजित थी प्रतियोगिता
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 71वीं उत्तर प्रदेश पुलिस टेबिल टेनिस महिला प्रतियोगिता-2023 अलीगढ़ जिले की पुलिस लाइन्स में तीन से चार मई को आयोजित किया गया था। इस प्रतियोगिता में आरक्षी प्रियंका अरोड़ा जिनकी वर्तमान नियुक्ति रिजर्व पुलिस लाइन्स, गौतमबुद्धनगर मे है, ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिंगल प्रतियोगिता में पहला स्थान, ओपन डबल में द्वितीय स्थान और मिक्स डबल में तृतीय स्थान हासिल कर कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का नाम रोशन कर गौरवान्वित किया।
नगद पुरस्कार से पुरस्कृत
आरक्षी प्रियंका अरोड़ा के इस उत्कृष्ट प्रर्दशन को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने प्रशस्ति प्रत्र देकर उनकी प्रशंसा की और 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।