पति ने किया दूसरा निकाह और पहली पत्नी का फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला शव, चार पर हत्या का मुकदमा दर्ज
गाजियाबाद के अर्थला कॉलोनी निवासी नरगिस की शादी नवम्बर 2022 में दादरी के अंबेडकर कॉलोनी निवासी साजिद पुत्र इब्राहिम से हुई थी।
दहेज न मिलने पर दो जुड़वा बेटियों की मां की हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता की फांसी लगाकर हत्या कर दी। महिला ने घटना से एक दिन पहले अपने मायके वालों को फोन कर बताया कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है। साथ ही उसने खुद की हत्या की आंशका जताई थी। मृतका के मायकेपक्ष के लोगों की तहरीर पर दादरी कोतवाली पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के अर्थला कॉलोनी निवासी नरगिस की शादी नवम्बर 2022 में दादरी के अंबेडकर कॉलोनी निवासी साजिद पुत्र इब्राहिम से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले दहेज में पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। सात नवम्बर को नरगिस ने अपनी बड़ी बहन को फोन कर बताया कि साजिद ने दूसरा निकाह कर लिया है। अब उसके परिवार वालों ने उसे जान से मारने की धमकी दी है।
आठ नवम्बर को साजिद के पिता इब्राहिम ने नरगिस की मौत की सूचना दी थी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो उसका शव पंखे से लटका हुआ था। पुलिस ने पति साजिद, जेठ सरफराज, जेठानी और नन्द के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।




