ठंड में अकेले हैं बुजुर्ग तो पुलिस करेगी मदद, जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
इनका उपयोग करते समय कमरे में हवा के आने—जाने के लिए वेंटिलेशन का होना बेहद जरुरी है। ताकि कमरे में जहरीला धुआं एकत्रित न हो सके।

बढ़ती सर्दी और शीत लहर को लेकर जिला प्रशासन ने रविवार को एडवाइजरी जारी कर दी है। हर साल कोयले की अंगीठी, मिट्टी तेल का चूल्हा, हीटर आदि से होने वाले हादसों को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए है।
इनका उपयोग करते समय कमरे में हवा के आने—जाने के लिए वेंटिलेशन का होना बेहद जरुरी है। ताकि कमरे में जहरीला धुआं एकत्रित न हो सके। अधिक ठंड होने पर सामुदायिक केंद्रों, आश्रय स्थलों पर जाने को कहा गया है। कोहरा और अधिक ठंड होने पर बुजुर्गो को घर के बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है। हाइपोथर्मिया के लक्षणों जैसे शरीर का आसामान्य तापमान, बेहोशी, ठिठुरन, सुस्ती, थकान आदि होने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए जाने की सलाह दी गई है। शरीर के अंगो का सुन्न पड़ना, हाथों-पैरों की ऊंगलियों, कान, नाक आदि सफेद या पीले रंग के दाग उभर आने को नजर अंदाज करना भी महंगा साबित हो सकता है।
पड़ोसी है अकेला तो पुलिस को दे जानकारी
जिलाधिकारी मेधा रुपम ने बताया कि अगर किसी के आस—पास कोई अकेला रहता है खासकर बुजुर्ग तो आपात स्थिति में नजदीकी पुलिस स्टेशन को जानकारी दे सकते है। ठंड से पशु और पक्षी प्रभावित होते दिखाई देता है तो उसकी जानकारी लेखपाल को दे सकते है, जोकि उनकी मदद करेंगे।



