मेडिकल कॉलेज में दाखिले के नाम पर 85 लाख की ठगी, डॉक्टर बना शिकार

नोएडा: सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दिल्ली रोहिणी के एक चिकित्सक से उनकी बेटी का मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराने के नाम पर 85 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
आरोप है कि यह ठगी एक परिचित के जरिए की गई और अब पीड़ित को जान से मारने की धमकियाँ भी मिल रही हैं।
मेरठ निवासी के जरिए हुई मुलाकात, झांसे में आया डॉक्टर
डॉ. गिरीश गुप्ता, जो दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-15 में रहते हैं और नोएडा सेक्टर-63 में उनका ऑफिस है, ने शिकायत दी है कि 2022 में मेरठ निवासी पंकज गोयल ने उनकी मुलाकात राहुल मित्तल नाम के एक व्यक्ति से कराई। पंकज ने राहुल की पहुंच मेडिकल कॉलेजों और नेताओं तक होने की बात कहकर भरोसा दिलाया।
दाखिले के नाम पर लिए लाखों, फिर शुरू हुआ बहानेबाज़ी का खेल
पंकज की मौजूदगी में डॉ. गिरीश ने राहुल को 85 लाख रुपये बेटी के मेडिकल एडमिशन के लिए दे दिए। लेकिन रकम लेने के बाद दोनों आरोपी लगातार टालमटोल करने लगे। जब नया शैक्षणिक सत्र शुरू हुआ तो डॉक्टर को बहाने बनाकर गुमराह किया गया। धीरे-धीरे दोनों ने फोन उठाना बंद कर दिया
शिकायत पर धमकी, पुलिस से की गई कार्रवाई की मांग
कई बार संपर्क करने की कोशिशों के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो डॉक्टर ने ईमेल और मैसेज भेजे, जिनका भी कोई उत्तर नहीं दिया गया।
बाद में जब विरोध किया गया, तो दोनों आरोपितों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। डॉ. गिरीश ने पुलिस आयुक्त से मिलकर शिकायत की, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।




