नौएडा में अतिक्रमण की बढ़ती समस्या! CONRWA ने अथॉरिटी और DMRC पर उठाए सवाल

नागरिक कल्याण संगठन CONRWA ने नौएडा के सेक्टर-18 और आसपास के इलाकों में बढ़ते अतिक्रमण पर गंभीर चिंता जताते हुए नौएडा अथॉरिटी और DMRC के कामकाज पर सवाल खड़े किए हैं।
CONRWA का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था पहले ही दबाव में है, लेकिन अथॉरिटी द्वारा पार्किंग स्थान खत्म कर कियोस्क बनाने की योजना स्थिति को और बिगाड़ सकती है। संगठन के अनुसार, सेक्टर-18 की मेन मार्केट और अट्टा मार्केट दोनों ओर पैदल चलने तक की जगह नहीं बची है।
संगठन ने DMRC की उस नीति पर भी आपत्ति जताई है, जिसमें मेट्रो स्टेशन के नीचे की जगहों को किराये पर दिया जा रहा है। खासकर सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 2 की सीढ़ियों के नीचे की जगह किराए पर देने से भीड़ और अव्यवस्था बढ़ी है। CONRWA ने सवाल उठाया है कि क्या यह कदम मूल DPR के अनुरूप था।
CONRWA ने मांग की है कि तुरंत अतिरिक्त अतिक्रमण हटाया जाए, कियोस्क नीति में सुधार किया जाए और केवल खाली, गैर-जरूरी स्थानों पर ही ऐसे निर्माण की अनुमति दी जाए। संगठन ने इस मुद्दे को मुख्यमंत्री और नौएडा अथॉरिटी चेयरमैन तक भी भेजा है।




