ईरान-इजरायल टकराव पर बोले पुतिन: दुनिया खतरे में, रूस निभाएगा दोस्ती का फर्ज !

नोएडा: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वैश्विक हालात को लेकर गंभीर चिंता जताई है। सेंट पीटर्सबर्ग में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से तीसरे विश्व युद्ध की ओर बढ़ रही है, और यह बेहद चिंता का विषय है।
वैश्विक टकरावों पर जताई चिंता
पुतिन ने कहा कि इस वक्त दुनिया में कई क्षेत्रों में टकराव की स्थिति बनी हुई है। रूस खुद यूक्रेन से युद्ध कर रहा है, वहीं पश्चिम एशिया में ईरान और इजरायल के बीच भी तनाव गहराता जा रहा है। खासकर ईरान के परमाणु ठिकानों पर हो रहे हमले स्थिति को और भी संवेदनशील बना रहे हैं।
तेहरान में रूसी विशेषज्ञों की मौजूदगी
पुतिन ने यह भी बताया कि ईरान की राजधानी तेहरान में दो परमाणु रिएक्टरों के निर्माण में रूसी विशेषज्ञ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह घटनाएं रूस के लिए भी सीधे चिंता का विषय हैं क्योंकि ये घटनाएं उनकी “नाक के नीचे” हो रही हैं।
मध्यस्थता को तैयार रूस
राष्ट्रपति पुतिन ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि रूस, ईरान और इजरायल के बीच तनाव को खत्म करने के लिए मध्यस्थता करने को तैयार है। उन्होंने दोनों देशों को रूस का मित्र बताया और कहा कि ऐसे देशों के बीच टकराव नहीं होना चाहिए।
समय रहते समाधान की जरूरत
पुतिन ने सभी देशों से अपील की कि वे समय रहते समस्याओं का समाधान निकालें ताकि हालात विस्फोटक स्थिति में न पहुंचें। उन्होंने कहा कि दुनिया को सतर्क और जिम्मेदार बनना होगा ताकि टकराव को रोका जा सके।
अफगानिस्तान ने मांगी रूस से खाद्य सहायता
इस तनावपूर्ण माहौल के बीच अफगानिस्तान ने रूस से खाद्य आपूर्ति में सहयोग की मांग की है। ईरान से आपूर्ति में आ रही रुकावट के कारण अफगानिस्तान ने रूस से गेहूं की मांग की है।
इसके लिए एक अफगान प्रतिनिधिमंडल सेंट पीटर्सबर्ग में होने वाले आर्थिक सम्मेलन में हिस्सा लेने जा रहा है, जहां वे रूसी अधिकारियों से बातचीत करेगा।




