सीजफायर या छलावा? ट्रंप के ऐलान के बाद भी ईरान का हमला जारी !

नोएडा: ईरान और इजरायल के बीच 12 दिनों तक चली भीषण जंग के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्धविराम (Ceasefire) का ऐलान कर दिया।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच से अपील की कि अब सभी पक्ष सीजफायर का सम्मान करें और संघर्ष को रोकें।
ट्रंप के दावे के बीच ईरान ने फिर किया हमला
हालांकि ट्रंप के इस ऐलान के तुरंत बाद ही ईरान ने इजरायल पर मिसाइल हमला कर दिया, जिसमें कम से कम 7 लोगों की जान चली गई। इस घटना ने युद्धविराम के दावे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ईरान बोला – सीजफायर की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने स्पष्ट किया कि अब तक कोई भी औपचारिक युद्धविराम नहीं हुआ है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अगर इजरायल सुबह 4 बजे तक अपने हमले रोक देता है, तो ईरान भी जवाबी कार्रवाई बंद कर देगा।
कतर स्थित अमेरिकी बेस पर ईरान का हमला
बीती रात ईरान ने कतर में मौजूद अमेरिकी सैन्य बेस को भी निशाना बनाया। इसके बाद ईरान की सरकारी मीडिया ने दावा किया कि ट्रंप ने इस हमले के बाद युद्धविराम की “भीख” मांगी।
ईरानी मीडिया का दावा – ट्रंप ने झुककर मांगा युद्धविराम
ईरान के सरकारी चैनल IRINN के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरानी हमले के बाद युद्ध रोकने की गुहार लगाई। इस रिपोर्ट में ईरानी सेना और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की “सफल” सैन्य कार्रवाई की जमकर तारीफ की गई।
रूस से मिल रहा है ईरान को समर्थन
इस पूरे घटनाक्रम के बीच ईरान ने दावा किया है कि उसे रूस का पूरा समर्थन प्राप्त है। रूसी विदेश मंत्री ने भी इस बात की पुष्टि की कि दोनों देशों के बीच सैन्य और रणनीतिक सहयोग चल रहा है।
ईरानी विदेश मंत्री का इशारा – शायद सीजफायर हो गया
बाद में एक अन्य ट्वीट में ईरान के विदेश मंत्री ने लिखा कि ईरानी फौज की कार्रवाई सुबह 4 बजे तक जारी रही और अब वह बंद हो गई है।
हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर सीजफायर की घोषणा नहीं की, लेकिन उनके बयान से संकेत मिलता है कि संघर्ष अब थमता दिख रहा है।




