एशिया के सबसे बड़े नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के साथ जेवर बन रहा वैश्विक पहचान का केंद्र: मंत्री जयवीर सिंह

जेवर (गौतमबुद्ध नगर) – जेवर और दादरी विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से गुरुवार (12 मार्च 2026) को ग्राम भाईपुर ब्रह्मनान स्थित नानकेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में एक भव्य जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह ने शिरकत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। जनसभा में हजारों की संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने प्रचंड बहुमत देकर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया और वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी। इसी नेतृत्व का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि जेवर आज प्रदेश का नया लैंडमार्क बन चुका है, जहां एशिया का सबसे बड़ा नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनकर तैयार हो रहा है और दुनिया भर के निवेशक यहां आने के लिए उत्सुक हैं।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि 2017 से पहले और उसके बाद के उत्तर प्रदेश में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। पहले पर्यटन और संस्कृति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता था, लेकिन आज प्रदेश में सनातन संस्कृति के पुनरोद्धार और पर्यटन के व्यापक विकास के लिए लगातार कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन सका और कुंभ जैसे आयोजनों के माध्यम से पूरी दुनिया ने भारत की संस्कृति की अद्भुत झलक देखी है।
उन्होंने यह भी कहा कि पहले जेवर से दिल्ली पहुंचने में काफी समय लगता था, लेकिन अब सड़कों का तेजी से विकास हुआ है और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी मजबूत हुई है, जिसकी सराहना देश-विदेश में की जा रही है।
इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद से उनका एक ही लक्ष्य रहा है कि जेवर क्षेत्र का समग्र विकास हो और यहां के लोगों की खुशहाली सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि जो जेवर क्षेत्र कभी उपेक्षा और गुमनामी का शिकार था, वह आज विश्व मानचित्र पर अपनी पहचान बना रहा है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और प्रस्तावित फिल्म सिटी क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास के नए द्वार खोलेंगे तथा युवाओं को रोजगार के बड़े अवसर प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पर्यटन विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों का शुभारंभ और लोकार्पण भी किया गया। जेवर विधानसभा के ग्राम सिरसा माचीपुर स्थित मां भूड़ा वाली मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 1 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से होने वाले कार्यों का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही जावली ऋषि मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपये की परियोजना का लोकार्पण किया गया तथा ग्राम भाईपुर ब्रह्मनान स्थित नानकेश्वर महादेव मंदिर के विकास कार्यों का 81 लाख रुपये की लागत से लोकार्पण किया गया।
इसके अलावा दादरी विधानसभा के ग्राम वाजिदपुर स्थित प्राचीन बेरी वाले मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 1 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से कार्यों का शुभारंभ किया गया, जबकि ग्राम सोनपुर भोला रावल स्थित प्राचीन बाबा भोला सिद्ध शिव मंदिर में कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने विधायक धीरेंद्र सिंह के प्रस्ताव पर कासना स्थित सती मंदिर और दनकौर के खेड़ा दैवत मंदिर के विकास के लिए भी धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाईपुर ब्रह्मनान निवासी पंडित किशनचंद्र शर्मा ने की, जबकि संचालन सुशील शर्मा द्वारा किया गया। जनसभा में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



