Noida: फ्लोवर शो में केदारनाथ मंदिर बना आर्कषण का केंद्र, संस्कृति और मनोरंजन का दिखाई दिया संगम
नोएडा सेक्टर-33 के शिवालिक पार्क मैदान में सजा यह फूलों का संसार किसी जादू से कम नहीं है। यह फ्लावर शो केवल देखने के लिए नहीं, बल्कि अनुभव करने के लिए है।
‘नोएडा फ्लावर शो’ बेहद खास होने जा रहा है। इस बार का नजारा सिर्फ फूलों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह श्रद्धा, संस्कृति और मनोरंजन का एक अद्भुत संगम बन गया है। नोएडा प्राधिकरण और फ्लोरीकल्चर सोसाइटी के इस साझा प्रयास में सेक्टर-33 का शिवालिक पार्क साक्षात शिव की नगरी में तब्दील हो गया है। इस शो की थीम ‘केदारनाथ’ पर आधारित है, जहां फूलों से बना 40 फीट ऊंचा मंदिर हर किसी का मनमोह रहा है।
नोएडा सेक्टर-33 के शिवालिक पार्क मैदान में सजा यह फूलों का संसार किसी जादू से कम नहीं है। यह फ्लावर शो केवल देखने के लिए नहीं, बल्कि अनुभव करने के लिए है। यहां 120 से ज्यादा प्रजातियों के फूल तो हैं ही, साथ ही गार्डनिंग के शौकीनों के लिए बड़ी संख्या में नर्सरी स्टॉल्स भी लगाए गए हैं। लेकिन सबसे ज्यादा भीड़ केदारनाथ मंदिर की प्रतिकृति के पास देखी जा रही है। जिसको बनाने में 15-20 टन फूल लगे हैं। इस बार 50 कंपनियों के स्टॉल्स और नर्सरी के माध्यम से लोगों को प्रकृति से जोडा गया हैं।
नोएडा अथॉरिटी में हॉर्टिकल्चर विभाग के डाईरेक्टर आनंद मोहन ने बताया कि इस बार 38वें फ्लावर शो को बहुत ही भव्य रूप दिया है। केदारनाथ मंदिर की फूलों वाली प्रतिकृति बनाने में हमारे कलाकारों ने कड़ी मेहनत की है। लगभग 20 क्विंटल फूलों का उपयोग सिर्फ मंदिर की सजावट में हुआ है। हमारा उद्देश्य शहरवासियों को पर्यावरण और प्रकृति के प्रति जागरूक करना है। नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों का अनुमान है कि इस 4 दिवसीय उत्सव में करीब 5 लाख लोग शिरकत करेंगे। परिवार के साथ आने वालों के लिए खाने-पीने का भी बेहतरीन प्रबंध किया गया है। सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि लोग सुकून से इन नजारों का लुत्फ उठा सकें। आज से शुरू होकर यह शो 22 फरवरी की शाम तक चलेगा।




