तीन राज्यों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: गोवा, हरियाणा और लद्दाख को मिले नए राज्यपाल और उपराज्यपाल

नोएडा: राष्ट्रपति भवन ने देश के तीन प्रमुख हिस्सों — गोवा, हरियाणा और लद्दाख — के लिए नए राज्यपाल व उपराज्यपाल की घोषणा की है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
गोवा के नए राज्यपाल बने पुसापति अशोक गजपति राजू
पूर्व केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री पुसापति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
वे आंध्र प्रदेश विधानसभा के सात बार सदस्य रह चुके हैं और राज्य सरकार में वाणिज्यिक कर, उत्पाद शुल्क, वित्त और योजना जैसे अहम विभागों का कार्यभार संभाल चुके हैं।
विजयनगरम के अंतिम महाराजा के पुत्र राजू सामाजिक सेवा, जल संरक्षण और शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। खास तौर पर सिम्हाचलम मंदिर और विजयनगरम के शैक्षणिक संस्थानों में उनका विशेष योगदान रहा है।
हरियाणा को मिला नया राज्यपाल – प्रोफेसर असीम कुमार घोष
प्रो. असीम कुमार घोष को हरियाणा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे शिक्षा और प्रशासन में गहरी पकड़ रखने वाले एक अनुभवी शख्सियत माने जाते हैं।
घोष लंबे समय तक अकादमिक जगत से जुड़े रहे हैं और सामाजिक विकास के मुद्दों पर उनकी विशेषज्ञता रही है।
लद्दाख को मिला नया उपराज्यपाल – कविंदर गुप्ता
जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का उपराज्यपाल बनाया गया है। वे बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं और लंबे समय से संगठन में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं।
अब वे सीमावर्ती और रणनीतिक दृष्टि से अहम लद्दाख के प्रशासनिक नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालेंगे।




