उत्तर प्रदेशगौतम बुद्ध नगरनोएडा

Republic Day 2024 : गणतंत्र दिवस पर काशी से लेकर तमिल तक की दिखी झलकियां, राममंदिर की झलक ने सबका मनमोहा

लखनऊ। 75वें गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर तिरंगा फहराया। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भारत ने आजादी की अपनी एक लंबी लड़ाई के उपरांत स्वतंत्र भारत में अपना स्वयं का संविधान लागू किया। 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के बाद इस वर्ष हम सब अपने गणतंत्र का अमृत वर्ष मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत के महान स्वतंत्रता सेनानियों, संविधानविदों और विशेषज्ञों के अनुसार हमने देश में संविधान लागू किया, जो पिछले 74 वर्षों से भारत में जाति, धर्म, संप्रदाय, क्षेत्र या अन्य तमाम अवरोधों को समाप्त करते हुए पूरी तरह कसौटी पर खरा उतरा है।

उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ना है 
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ही के दिन 1950 में भारत ने आजादी की लंबी लड़ाई के उपरांत हमने अपना स्वयं का संविधान लागू किया था। यह दुनिया का सबसे बड़ा संविधान है। हमारा संविधान अनेक उपलब्धियों से भरा है। ये हमें अधिकार देता है तो हमारे कर्तव्यों के प्रति हमें आग्रही भी बनाता है। अगर हम अपने कर्तव्यों का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करते हैं अगले 25 वर्ष में हमारा देश एक विकसित भारत होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपने देश के अतीत पर गौरव और वर्तमान को सुंदर व सुखद बनाते हुए उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ना है।

हमारा संविधान हमारे लिए सर्वोपरि 
उन्होंने कहा कि हमारा संविधान हमारे लिए सर्वोपरि है। ये हमें आग्रही बनाता है कि हर कार्य देश के नाम होना चाहिए। दुनिया के इस सबसे प्राचीनतम राष्ट्र के प्रति हम अपने संविधान के जरिए श्रद्धा का भाव प्रकट करते हैं। सीएम योगी ने इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ राजेन्द्र प्रसाद और संविधान शिल्पी बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि ये विभूतियां हम सबके लिए प्रेरणादायी हैं।

राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, परेड की ली सलामी
75वें गणतंत्र दिवस पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने विधानभवन पर तिरंगा फहराया। इस दौरान मुख्यमंत्रीमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। सुबह 10.05 बजे विधानभवन पर राष्ट्रध्वज फहराया गया। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने तिरंगा गुब्बारों को हवा में उड़ाया। वहीं भारतीय सेना और प्रदेश की सुरक्षा में तैनात विभिन्न सुरक्षा बलों द्वारा राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के समक्ष परेड कर सलामी दी गई।  वहीं यूपी पुलिस के घुड़सवार दल और स्वान दल ने भी परेड में हिस्सा लिया। साथ ही फायर ब्रिगेड और डायल 112 ने भी परेड में अपने दम-खम का प्रदर्शन किया।

राममंदिर की झांकी ने मोहा मन
गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों और सामाजिक संगठनों द्वारा झांकियां निकाली गईं। इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा राममंदिर की झांकी ने सबका मन मोह लिया। भगवान श्रीरामलला को समर्पित इस झांकी को देखकर परेड स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। वहीं भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नये संसद भवन और आदर्श मतदेय स्थल की झांकी निकाली गई। इसके अलावा यूपी पॉवर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भाषा विभाग की ओर से यूपी सिंधी समाज को समर्पित झांकी निकाली गई। उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा ‘उद्यान बना उद्योग का आधार’ झांकी निकाली गई। वहीं लखनऊ विकास प्राधिकरण की झांकी, राजभवन की झांकी, कृषि विभाग की झांकी, काशी तमिल संगमम की झांकी, वन एवं वन्यजीव विभाग की झांकी, यूपी संस्कृत संस्थानम की झांकी, उत्तर प्रदेश पंजाबी अकादमी की झांकी, भारत स्काउट गाइड की झांकी, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की झांकी, राज्य स्वच्छ गंगा मिशन की झांकी, नगर विकास विभाग की झांकी, नगर निगम लखनऊ की झांकी, सीएमएस स्कूल की झांकी, जल जीवन मिशन की झांकी ने सबका मन मोह लिया।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close