एथेनॉल पर भ्रामक वीडियो पड़े भारी! यूट्यूबर मनीष कश्यप समेत 4 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर FIR

दिल्ली- केंद्र सरकार की एथेनॉल ब्लेंडिंग नीति और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को लेकर सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक जानकारी साझा करने के मामले में नागपुर साइबर पुलिस ने यूट्यूबर मनीष कश्यप समेत चार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, आरोप है कि इन इन्फ्लुएंसर्स ने एथेनॉल, टोयोटा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से जुड़े ऐसे वीडियो और पोस्ट साझा किए, जिनमें कथित रूप से भ्रामक और अपुष्ट दावे किए गए। शिकायत में कहा गया है कि इन सामग्रियों से आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हुई।
यह शिकायत भाजपा सोशल मीडिया सेल, नागपुर के शहर अध्यक्ष शिशिर त्रिपाठी द्वारा दर्ज कराई गई। एफआईआर में मनीष कश्यप के अलावा देसी बॉयसर, हर्षित राठी और अंकलेश इनवेट के नाम भी शामिल हैं।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 352, 356 और 296 के साथ आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान वायरल वीडियो और अन्य डिजिटल सामग्री का परीक्षण किया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में E20 (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) को लेकर सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए थे। आरोप है कि इन वीडियो में एथेनॉल और उससे चलने वाले वाहनों के संबंध में भ्रामक दावे किए गए, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। एफआईआर दर्ज होना आरोप सिद्ध होना नहीं है और अंतिम निष्कर्ष जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।



