नोएडा में पहली बार आयोजित होगी राष्ट्रीय बालिका जूडो चैंपियनशिप

नोएडा: गौतमबुद्ध नगर जिले को 54वीं राष्ट्रीय बालिका जूडो चैंपियनशिप की मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है। यह पहला मौका है जब जिले को इतने बड़े स्तर की खेल प्रतियोगिता आयोजित करने का अवसर मिला है। मुकाबले नोएडा स्टेडियम में होंगे।
25 संभागों की 312 बालिकाएं दिखाएंगी दमखम
प्रतियोगिता में 25 क्षेत्रीय संभागों की कुल 312 बालिका खिलाड़ी भाग लेंगी। ये सभी खिलाड़ी केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) से जुड़ी हैं। गौतमबुद्ध नगर की बालिकाएं आगरा संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगी।
केंद्रीय विद्यालय सेक्टर-24 करेगा आयोजन का संचालन
इस चैंपियनशिप का संचालन सेक्टर-24 स्थित केंद्रीय विद्यालय, नोएडा की देखरेख में किया जाएगा। खेल प्रभारी उपेंद्र कुमार राय ने बताया कि प्रतिभागी बालिकाएं इन दिनों गहन प्रशिक्षण शिविर में अभ्यास कर रही हैं।
आगरा से लेकर बंगलूरू और जम्मू से रांची तक की टीमें होंगी शामिल
इस प्रतियोगिता में देशभर के 25 प्रमुख संभागों से टीमें पहुंचेंगी, जिनमें शामिल हैं – आगरा, अहमदाबाद, बंगलूरू, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, देहरादून, दिल्ली, गुवाहाटी, गोरखपुर, हैदराबाद, जबलपुर, जयपुर, जम्मू, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, पटना, रायपुर, रांची, सिल्चर आदि।
दर्शकों के लिए एंट्री रहेगी निशुल्क, VIP के लिए अलग पास
इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में दर्शकों के लिए मुफ्त प्रवेश की व्यवस्था की गई है। पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर आम दर्शक जूडो के दांवपेंच देख सकेंगे। वहीं, VIP और VVIP मेहमानों के लिए अलग पास उपलब्ध होंगे।
रहने-खाने की पूरी व्यवस्था, टीमें मंगलवार से पहुंचेंगी
खिलाड़ियों और उनके साथ आए कोच व सहयोगियों के रहने व खाने की व्यवस्था केंद्रीय विद्यालय परिसर में की गई है। मंगलवार से टीमें नोएडा पहुंचना शुरू कर देंगी।




