Noida: मैट्रिमोनियल साइट पर ‘इश्क’ का झांसा, करोड़ों की ठगी करने वाला नाइजीरियन गिरफ्तार
नोएडा के थाना साइबर क्राइम पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद से अंतरराष्ट्रीय ठग गिरोह के सरगना सैमुअल ओगुन उर्फ स्टेपनी डेरिक को गिरफ्तार किया है।

अगर आप भी मैट्रिमोनियल साइट्स पर जीवनसाथी की तलाश कर रहे हैं, तो सजग रहने की जरुरत है। नोएडा के साइबर क्राइम पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय गिरोह का खुलासा किया है, जो फर्जी प्रोफाइल बनाकर महिलाओं को अपने प्रेमजाल में फंसाता था। उसके बाद कस्टम क्लीयरेंस व पार्सल के नाम पर ठगी करता था। यह गिरोह अभी तक करोड़ों रुपये डकार चुका है।
नोएडा के थाना साइबर क्राइम पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद से अंतरराष्ट्रीय ठग गिरोह के सरगना सैमुअल ओगुन उर्फ स्टेपनी डेरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से नाइजीरिया का रहने वाला है और भारत में पहचान बदलकर रह रहा था। आरोपी के पास से पुलिस ने पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट और वाई-फाई राउटर, दो अलग-अलग देशों के पासपोर्ट और कई फर्जी दस्तावेज बरामद हुए है।
डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि सैमुअल ओगुन से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए है। आरोपी मैट्रिमोनियल साइट्स से महिलाओं का डेटा चोरी करता था। उसके बाद हैंडसम बिजनेसमैन बनकर उनसे दोस्ती करता। इसके बाद वह महिलाओं को झांसा देता था कि वह अपना सारा बिजनेस समेटकर भारत आ रहा है और उनसे शादी करेगा। वह फर्जी एयर टिकट भेजकर भरोसा जीतता था और फिर एयरपोर्ट पर ‘कस्टम या सिक्योरिटी जांच’ में फंसने का नाटक कर पीड़िता से पैसे ऐंठता था। आरोपी ने एक महिला से 56 लाख और दूसरी से 1.26 करोड़ रुपये की ठगी कर चुका है।
पासपोर्ट अमान्य होने पर वह दूसरे देश गया और वहां से नई पहचान के साथ नया पासपोर्ट बनवाकर फिर भारत आया। वर्तमान में भी वह 15 से 16 महिलाओं को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहा था। उसके खिलाफ तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी कई मामले दर्ज हैं।


