नीतीश सरकार का बड़ा ऐलान: बिहार में अब 125 यूनिट तक फ्री बिजली, हर घर में पहुंचेगी सौर ऊर्जा की रोशनी

नोएडा: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता को राहत भरी सौगात दी है। अब राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त मिलेगी। यह योजना 1 अगस्त 2025 से लागू होगी, यानी जुलाई माह का बिल बिना किसी शुल्क के आएगा।
1 करोड़ 67 लाख परिवारों को सीधा पहुंचेगा फायदा
इस योजना से करीब 1 करोड़ 67 लाख परिवारों को सीधा फायदा पहुंचेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार पहले से ही सस्ती दरों पर बिजली दे रही थी, अब मुफ्त बिजली की सीमा तय कर दी गई है।
सार्वजनिक स्थलों पर सोलर प्लांट लगेगा
नीतीश सरकार ने सौर ऊर्जा को भी बढ़ावा देने का बड़ा फैसला लिया है। अगले तीन वर्षों में उपभोक्ताओं की सहमति से उनके घरों की छतों या पास के सार्वजनिक स्थलों पर सोलर प्लांट लगाए जाएंगे।
खासतौर पर गरीब परिवारों के लिए ‘कुटीर ज्योति योजना’ के तहत सौर संयंत्र की पूरी लागत सरकार वहन करेगी, जबकि अन्य उपभोक्ताओं को भी सरकारी सहायता मिलेगी।
इस पहल से न सिर्फ उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, बल्कि राज्य में अनुमानित 10,000 मेगावाट सौर ऊर्जा का उत्पादन भी सुनिश्चित होगा, जिससे बिहार एनर्जी सेक्टर में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेगा।




