Noida: पंतनगर और बरेली समेत इन शहरों के लिए नोएडा एयरपोर्ट से हवाई यात्रा शुरू, श्रीनगर की फ्लाइट मिलेगी इस दिन
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार जल्द ही श्रीनगर सहित कई अन्य शहरों के लिए भी उड़ान सेवाएं शुरू की जाएंगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बुधवार को नियमित रुप से विमानों का संचालन शुरू हो गया है। बुधवार से नोएडा एयरपोर्ट से बरेली, पंतनगर, जोधपुर, लखनऊ, चंडीगढ़, धर्मशाला, जयपुर, भोपाल और देहरादून भी एयरपोर्ट के नेटवर्क में शामिल हो गए हैं। करीब 34 फ्लाइट संचालित की गई। अभी तक एयरपोर्ट पर इंडिगो और अकासा एयर की कुल 12 फ्लाइट संचालित हो रही थी। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार जल्द ही श्रीनगर सहित कई अन्य शहरों के लिए भी उड़ान सेवाएं शुरू की जाएंगी।
नोएडा एयरपोर्ट से मुंबई, श्रीनगर, जम्मू, बरेली, भोपाल, देहरादून, धर्मशाला, चंडीगढ़, जयपुर, जोधपुर, किशनगढ़, लखनऊ और पंतनगर समेत कई शहरों के लिए सीधी फ्लाइट शुरू हो गई। वीरवार को पहली फ्लाइट श्रीनगर के लिए रवाना होगी। जिसमें पहली फ्लाइट सुबह छह बजकर चालिस मिनट पर होगी और अंतिम फ्लाइट शाम करीब 19 बजकर 55 मिनट की होगी। बरेली एयरपोर्ट से नोएडा के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए बुधवार, 1 जुलाई से हवाई सेवा शुरू हो गई। पहले दिन इंडिगो के 78 सीट वाले विमान से 49 यात्रियों ने दोपहर करीब 12:05 बजे जेवर के लिए उड़ान भरी।
जेवर से बरेली पहुंची पहली फ्लाइट के यात्री भी काफी उत्साहित नजर आए। उनका कहना था कि नई सेवा शुरू होने से समय की बड़ी बचत होगी। बरेली-नोएडा फ्लाइट सप्ताह में चार दिन संचालित होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इंडिगो का 78 सीटर विमान सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को उड़ान भरेगा। एयर टाइम-टेबल के अनुसार, विमान सुबह 10:30 बजे नोएडा से उड़ान भरकर 11:20 बजे बरेली पहुंचेगा। वापसी में दोपहर 12:05 बजे बरेली से रवाना होकर दोपहर 1:00 बजे नोएडा पहुंचेगा।
प्रदेश का सबसे बड़ा एविएशन हब बनाने की योजना
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण में एक रनवे और एक टर्मिनल विकसित किया गया है। इसकी सालाना यात्री क्षमता करीब 1.2 करोड़ यात्रियों की है। आने वाले समय में यहां छह रनवे और कई टर्मिनल विकसित किए जाएंगे। देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट हब के रूप में तैयार करने की योजना है। 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका शुभारंभ किया। 15 जून को पहली कामर्शियल फ्लाइट ने उड़ान भरी थी।


