नोएडा। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर प्रत्याशी उतारने को लेकर अखिलेश यादव ने किया मंथन, इस प्रत्याशी पर खेल सकती है दांव

Noida : गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर प्रत्याशी उतारने को लेकर समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेताओं में मंथन जारी है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रत्याशी को फाइनल करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मंथन किया। दरअसल, सपा दिल्ली से सटी नोएडा सीट को लेकर गंभीर है। मीटिंग में जिले के नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
सपा सक्रिय कार्यकर्ता अतुल यादव भी बैठक में मौजूद रहे। अतुल यादव ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की है। जल्द ही गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर प्रत्याशी की घोषणा कर दी जाएगी। बैठक के दौरान मंथन किया गया कि भारतीय जनता पार्टी के सामने मजबूत प्रत्याशी को उतारा जाए। बता दें कि, लगातार दो बार से भाजपा के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा पर भाजपा ने फिर से दाव खेला है। तीसरी बार डॉक्टर महेश शर्मा भाजपा से चुनाव लड़ेंगे।
भाजपा के सामने मजबूत प्रत्याशी को उतारने को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। अतुल यादव ने बताया कि अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं में जोश और जुनून भरा है। सभी को गौतमबुद्ध नगर सीट पर प्रत्याशी को मजबूती के साथ लड़ाने के लिए कहा गया है।
इन्होंने ठोकी अपनी दावेदारी
गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट से जगदीश शर्मा, राहुल अवाना, अजय चौधरी और महेंद्र नागर ने टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। सूत्रों के मुताबिक बैठक में इन चारों नामों पर विचार किया गया। चुनाव लड़ने के लिए उनके पास कितने संसाधन हैं और समीकरण कितने पक्ष और विपक्ष में हैं, इसको लेकर भी मंथन किया गया।