Noida: भाजपा ने 209 विधानसभा प्रत्याशियों की कथित सूची को बताया फर्जी, यूपी के सीएम और पंकज चौधरी ने किया खंडन
पार्टी की तरफ से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से विभिन्न समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया पर भाजपा के 209 प्रत्याशियों की सूची तैयार

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के 209 प्रत्याशियों की कथित सूची जारी होने और इसे केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की खबरों को पार्टी ने पूरी तरह फर्जी और निराधार बताया है। इसी बीच एक लेटर सामने आया है, जिसमें यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के हस्ताक्षर किए हुए है। जिसमें प्रत्याशी वाली सूची का खंडन किया गया है।
पार्टी की तरफ से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से विभिन्न समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया पर भाजपा के 209 प्रत्याशियों की सूची तैयार होने और केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की खबरें प्रसारित की जा रही हैं। जबकि भारतीय जनता पार्टी अथवा प्रदेश नेतृत्व की ओर से ऐसी कोई सूची तैयार नहीं की गई है और न ही केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है।
प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि भाजपा एक अनुशासित और कैडर आधारित राजनीतिक दल है। विधानसभा या किसी अन्य चुनाव में प्रत्याशियों का चयन एक सुव्यवस्थित, लोकतांत्रिक और संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत किया जाता है। फिलहाल प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया शुरू भी नहीं हुई है।
पार्टी ने इस तरह की खबरों को सोची-समझी साजिश बताते हुए कहा कि कुछ तत्व कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम, असमंजस और भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से इस तरह की अफवाह फैला रहे हैं। भाजपा ने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की है।




