×
उत्तर प्रदेशगौतम बुद्ध नगरग्रेटर नोएडानोएडानोएडा वेस्टब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराज्यलखनऊ

Noida : श्याम पेंट इंडस्ट्री में भीषण आग, 30 दमकल गाड़ियों की मदद से तीन घंटे में पाया काबू ! 

नोएडा : नोएडा के फेज-वन के सेक्टर-2 स्थित डी-93 श्याम पेंट इंडस्ट्री में शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी।

फैक्ट्री में रखे केमिकल ड्रमों के फटने से आग तेजी से फैली, जिससे पड़ोसी फैक्ट्रियों तक पहुंचने का खतरा पैदा हो गया।

आग बुझाने में जुटीं 30 दमकल गाड़ियां, कोई जनहानि नहीं

जैसे ही आग लगने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और दमकल विभाग को मिली, गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर समेत अन्य जिलों से कुल 30 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

इस पूरी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसकी लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं।

केमिकल ड्रमों के धमाकों से हालात और गंभीर

श्याम पेंट फैक्ट्री में बड़ी संख्या में ज्वलनशील केमिकल ड्रम रखे हुए थे, जो गर्मी के कारण एक-एक कर धमाके से फटने लगे। इससे अग्निशमन कर्मियों को काम करने में दिक्कतें आने लगीं। धुएं के गुबार और रासायनिक गैसों के चलते दमकल और पुलिस कर्मियों को सांस लेने में तकलीफ हुई।

आसपास की फैक्ट्रियों को जलने से बचाया गया

श्याम पेंट इंडस्ट्री के पास कई और फैक्ट्रियां स्थित हैं। आग की लपटें जब तेजी से उन तक पहुंचने लगीं, तो अग्निशमन टीम ने तुरंत दो हिस्सों में बंटकर काम किया—एक टीम ने मुख्य आग को काबू में किया, जबकि दूसरी टीम ने पास की फैक्ट्रियों की दीवारों पर पानी डालकर उन्हें बचाया। लाखों का माल जलने से बचा लिया गया।

सुरक्षाकर्मी की सतर्कता से टली बड़ी घटना

आग लगने के वक्त फैक्ट्री में एक सुरक्षाकर्मी मौजूद था, जिसने समय रहते पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। अगर सूचना में थोड़ी भी देर होती, तो आसपास की कई फैक्ट्रियां भी इसकी चपेट में आ जातीं।

आग का कारण शार्ट सर्किट या मानवीय लापरवाही?

प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने यह भी आशंका जताई है कि बीड़ी, सिगरेट या किसी ज्वलनशील वस्तु के कारण भी आग लगी हो सकती है। सीसीटीवी फुटेज की जांच कर पुलिस स्थिति की पूरी सच्चाई जानने में जुटी है।

 

Divya Gupta

Tags

Related Articles

Back to top button
Close